जालंधर| इनर व्हील क्लब ऑफ जालंधर वेस्ट द्वारा मंगलवार को गवर्नमेंट गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल, आदर्श नगर में ‘बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट’ प्रतियोगिता का आयोजन क्लब अध्यक्ष डॉ. सरिका खन्ना की अगुवाई में किया। छात्राओं ने अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन करते हुए सुंदर फोटो फ्रेम, वॉल हैंगिंग्स, तितलियां, फूलदान और अन्य सजावटी वस्तुएं बनाई। टॉप पांच रचनाओं को बनाने वाली छात्राओं को सम्मानित किया गया। सभी प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करने के लिए पेन का एक सेट दिया गया। प्रतियोगिता के पश्चात वक्ता पवन समलोक ने छात्राओं को ”प्लास्टिक का प्रयोग न करें” के बारे में शिक्षित किया और स्टील की बोतलें, टिफिन बॉक्स इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने सूखे और गीले कचरे को अलग-अलग करने के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने यह भी समझाया कि कैसे रसोई के कचरे से आसानी से कंपोस्ट तैयार किया जा सकता है और कचरे को कम किया जा सकता है। इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष मोनिषा सिक्का, तजिंदर विरदी, डॉ. नवनीत कौर मौजूद थे।


