भास्कर न्यूज | कवर्धा शांतिदीप कॉलोनी कवर्धा स्थित केमिस्ट भवन में पिछले दिनों जिला दवा विक्रेता संघ का चुनाव हुआ। इस चुनाव में निर्विरोध रूप से एकता पैनल के अनिल दानी अध्यक्ष, अमित बरड़िया सचिव व डेविड खत्री कोषाध्यक्ष चुने गए। अनिल दानी लगातार चौथी बार अध्यक्ष चुने गए हैं। तीन वर्षों के कार्यकाल के लिए ये चुनाव संघ के मुख्य निर्वाचन अधिकारी आनंदप्रकाश दानी, सहायक निर्वाचक ओम चंद्रवशी, नवीन साहू व ढालेन्द्र साहू की देखरेख में सुचारू रूप से संपन्न किए गए। चुनाव अधिकारियों ने बताया कि पूरे जिले में संघ के 400 से अधिक सदस्य हैं और हर बार सीसीसीडीए के संविधान के अनुसार लोकतांत्रिक व्यवस्था से ये चुनाव किए जाते हैं। नामांकन दाखिल करने के लिए निर्धारित समय तक केवल एकता पैनल के प्रत्याशियों के नाम ही आए थे। अध्यक्ष चुने जाने के बाद जिले के दवा विक्रेताओं के प्रति आभार जताते हुए अनिल दानी ने कहा कि वे संघ के सदस्यों के हितों के लिए पूरी पारदर्शिता से कार्य करेंगे। संघ को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का पूरा प्रयत्न करेंगे। नए पदाधिकारियों के चयन पर डॉ. पृथ्वी, डॉ. गौरव, डॉ. भूमिका, डॉ. वात्सला विवेक, केबी ओम, सतीश, पूर्णचंद्र गुप्ता, नवीन साहू, नारायण, अक्षय कुमार, आदित्य, देवचरण, देवीसिंह सहित सभी दवा विक्रेताओं ने हर्ष जताया है।


