भास्कर न्यूज | डौंडी नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में गणेश चतुर्थी को लेकर भक्तों में जबरदस्त उत्साह देखा गया। बुधवार को मूर्तिकारों के टेंटों में गणेश की मूर्तियों को लेने के लिए श्रद्धालुओं विभिन्न वाहनों में ढोल- नगाड़े के साथ पहुंचे। नगर के विभिन्न गणेशोत्सव समितियों ने धूमाल, कर्मा नृत्य, ढोल और आतिशबाजी के साथ पिकअप, ट्रैक्टर में गणेश प्रतिमाओं को पंडालों तक पहुंचाया। आसपास के गांवों से भी श्रद्धालु अपने-अपने वाहनों से गणेश की प्रतिमा लेकर जाते हुए नजर आए। दिन भर मूर्तिकारों के पास मूर्ति लेने वालों की भीड़ लगी रही। कार, पिकअप, ट्रैक्टर, ट्रक आदि वाहनों में दिनभर मूर्ति ले जाने का सिलसिला चलता रहा। नगर के वार्ड 2 कुम्हारपारा और बंधियापारा में मूर्ति की लेने के लिए डौंडी के विभिन्न मोहल्लों के अलावा उकारी, कुरुटोला, भरीटोला, ठेमाबुजुर्ग, ढोरीठेमा, कुसुमटोला, गुदुम, लिमहाटोला, कांडे, कुआंगोंदी, झुरहाटोला, सुरडोंगर, कुर्सीटिकुर, अवारी, खैरवाही, नर्राटोला, साल्हे, कच्चे, दल्लीराजहरा, कुसुमकसा आदि स्थानों से भक्त पहुंचे थे। छोटी मूर्तियों को कार, बाइक में लेकर गए। डौंडी नगर के गणेश पंडालों में मंत्रोपचार के साथ प्रतिमा की स्थापना की गई। गणेशोत्सव के लिए कई स्थानों पर पंडाल सजाया गया है। जहां विभिन्न सांस्कृतिक व धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन रखा गया है।


