बठिंडा पुलिस ने “ड्रग्स के खिलाफ युद्ध” अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने गुरुवार को नाकाबंदी के दौरान एक्टिवा सवार राहुल को 505 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। राहुल बठिंडा के परस राम नगर का रहने वाला है। जांच में सामने आया कि इस नशा तस्करी का मास्टरमाइंड कपूरथला जेल में बंद इशांत उर्फ ईशू है। इशांत पहले से ही नशा तस्करी के मामलों में जेल में सजा काट रहा है। गिरफ्तार राहुल इशांत का साथी है। वह जेल से ही नशा तस्करी का रैकेट चलाता है। एसपी सिटी नरिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस इशांत को प्रोडक्शन वारंट पर बठिंडा लाएगी। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि क्या जेल विभाग का कोई अधिकारी या कर्मचारी इस रैकेट में शामिल है। राहुल का यह पहला आपराधिक मामला है। पुलिस जेल में नशा सप्लाई के नेटवर्क की भी जांच कर रही है।


