छत्तीसगढ़ के धमतरी में कथित डीजल चोरी के मामले ने नया मोड ले लिया है। गुरुवार को भाजपा पार्षद और पदाधिकारी सिटी कोतवाली पहुंचे। उन्होंने उप नेता प्रतिपक्ष विशु देवांगन के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की। यह विवाद तब शुरू हुआ, जब कुछ दिन पहले ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने कथित डीजल चोरी के मुद्दे पर नगर निगम का घेराव किया। प्रदर्शन के दौरान महापौर और निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की गई। भाजपा का आरोप है कि इस दौरान महापौर को चोर कहा गया। महापौर को चोर कहना जनता का भी अपमान पार्षद तल्लीन पूरी गोस्वामी ने कहा कि राजनीतिक विरोध की भी एक मर्यादा होती है। हजारों वोटों से जीते महापौर को चोर कहना न केवल उनका बल्कि जनता का भी अपमान है। जिस मामले को लेकर विरोध हुआ, वह अभी जांच में है। प्रथम नागरिक का अपमान भाजपा जिला महामंत्री महेंद्र पंडित ने कहा कि धमतरी के प्रथम नागरिक का अपमान कर अपशब्द कहे गए हैं, जिसके विरोध में थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने यह किया, उन्हें सही जानकारी नहीं है और उन्हें ज्ञान लेना चाहिए। फिलहाल शालीनता से विरोध किया जा रहा है, लेकिन यदि प्रशासन नहीं जागा तो इसका जवाब धमतरी की जनता देगी। पुलिस ने दिया कार्रवाई का आश्वासन सिटी कोतवाली थाना प्रभारी राजेश मरई ने बताया कि महापौर के खिलाफ व्यक्तिगत अपमानजनक बयानबाजी को लेकर शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच कर उचित वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


