केंद्र व राज्य सरकार सहारा इंडिया, दर्जनों कंपनियों में फंसे पैसे का करें जल्द भुगतान, अन्यथा आंदोलन : विजय

भास्कर न्यूज|लोहरदगा झारखंड नवनिर्माण दल एवं ननबैंकिंग कंपनी पीड़ित मंच, लोहरदगा के तत्वावधान में गुरुवार को भंडरा बाजारटांड़ से सैकड़ों महिला-पुरुष जमाकर्ताओं ने आक्रोशपूर्ण जुलूस निकालकर प्रखंड मुख्यालय तक मार्च किया। मेहनत की कमाई लौटाओ, इंकलाब जिंदाबाद” जैसे नारों से गूंजते जुलूस ने ब्लॉक कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया और बीडीओ के माध्यम से मुख्यमंत्री को एक सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे ऑल इंडिया पीपुल्स फ्रंट के प्रभारी सह झारखंड नवनिर्माण दल के केंद्रीय संयोजक विजय सिंह ने कहा कि सहारा इंडिया, एपीलाइन, वेलफेयर, साईं प्रकाश, विश्वामित्र, बारिश समेत दर्जनों ननबैंकिंग कंपनियों में लोगों की मेहनत की जमा पूंजी फंसी हुई है। केंद्र और राज्य सरकार जल्द से जल्द भुगतान सुनिश्चित करें, अन्यथा उग्र आंदोलन किया जाएगा। सिंह ने कहा कि बड़ी-बड़ी पार्टियां और सरकारें इस मुद्दे पर चुप हैं। यदि जमाकर्ता भी चुप बैठे रहे तो पैसा कभी वापस नहीं मिलेगा। उन्होंने 24 सितंबर 2025 को लोहरदगा जिला मुख्यालय में आयोजित होने वाले विशाल प्रदर्शन में भंडरा प्रखंड क्षेत्र से हजारों की संख्या में शामिल होने की अपील की। प्रदर्शन को आदित्य सिंह, गंगेश्वर भगत, सोमा उरांव, विजय उरांव सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया। इस मौके पर आदित्य सिंह, सुखदेव कुमार, जीवन भगत, मोहन उरांव, शनि उरांव, संदीप उरांव, शिव महतो, दयाल महतो, रतिया उरांव, मीणा उरांव, अमृता कुमारी, सुमति कुमारी समेत भारी संख्या में लोग मौजूद थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *