सिटी रिपोर्टर | बोकारो राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर वेदांता ईएसएल आर्चरी अकादमी के युवा खिलाड़ियों की उपलब्धियों का सम्मान किया जाएगा। यह अकादमी ग्रामीण बच्चों को गांव से निकाल कर मंजिल हासिल करने का मौका दे रही है। 2018 में स्थापित इस अकादमी में अभी 55 से अधिक बच्चे प्रशिक्षण ले रहे हैं। यहां अभ्यास के साथ तीरंदाजी के उपकरण, पौष्टिक आहार, फिटनेस और प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने का अवसर दिया जाता है। अब तक अकादमी के खिलाड़ियों ने 185 मेडल जीते हैं, इनमें से 10 राष्ट्रीय स्तर के हैं। इस अवसर पर ईएसएल स्टील के सीएसआर हेड, कुणाल दरीपा ने कहा कि राष्ट्रीय खेल दिवस हमें यह सिखाता है कि खेल केवल जीतने के लिए नहीं, बल्कि जीवन को नई दिशा देने के लिए भी होता है। ईएसएल आर्चरी अकादमी के ज़रिए हम गांव-गांव की प्रतिभाओं को सामने ला रहे हैं और उन्हें बड़े सपनों तक पहुंचने में मदद कर रहे हैं। इनमें से कुछ राष्ट्रीय स्तर के भी युवा खिलाड़ी सम्मानित होने वालों में यवना यादव (10 साल, मुनीडीह गांव) : 2022 में नेशनल आर्चरी चैंपियनशिप किड्स में गोल्ड मेडल और 2023 व 2025 में एनटीपीसी चेरुकुरी लेनिन मेमोरियल चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल। कृतिका कुमारी (सियालजोरी) : 2024 में मिनी नेशनल आर्चरी चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल, वह प्रतिदिन अपने गांव से साइकिल चलाकर अभ्यास के लिए आती है। चित्रंजन टुडू (भागाबांध) : 2023 में नेशनल गेम्स में झारखंड का प्रतिनिधित्व किया, नेशनल्स में सिल्वर मेडल जीता।


