भास्कर न्यूज| सरायकेला जिला कृषि कार्यालय एवं आत्मा परियोजना द्वारा आत्मा के सभागार में जिला स्तरीय खरीफ कर्मशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर किसानों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि खेती को लाभकारी बनाने के लिए अब किसानों को अपनी सोच में बदलाव करना होगा और आधुनिक तकनीक का सहारा लेना होगा। उन्होंने किसानों से आग्रह किया कि परंपरागत पद्धतियों के साथ-साथ वैज्ञानिक और आधुनिक तकनीकों को अपनाएं ताकि उपज बढ़े और आर्थिक स्थिति मजबूत हो। कर्मशाला में जिला कृषि पदाधिकारी नहीं किसानों को कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी दी । किसानों को विभिन्न फसलों की वैज्ञानिक पद्धतियों, बीज चयन, उर्वरक प्रबंधन मृदा परीक्षण बीज उपचार और मौसम आधारित खेती के अन्य तौर-तरीकों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह की अधिकतर मिट्टी अम्लीय है इसके कारण बहुत जल्दी मिट्टी में दरार आ जाती है। उन्होंने सभी किसानों को सॉइल टेस्टिंग करते हुए मिट्टी के अनुरूप ही कृषि कार्य करने को कहा है ताकि किसानों को अच्छी उपज मिल सके। जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों का सामना करने के लिए किसानों को उन्नत किस्मों और तकनीकी उपायों को अपनाना आवश्यक है। कृषि विभाग ने विश्वास जताया कि इस तरह की कार्यशालाएं किसानों को नई दिशा देने में सहायक साबित होंगी। कार्यक्रम में जिले के कई किसान उपस्थित रहे और नई तकनीक सीखने में गहरी रुचि दिखाई। कार्यक्रम में सहायक परियोजना पदाधिकारी विजय कुमार सिंह,एलडीएम एवं किसान उपस्थित रहे। भास्कर न्यूज| सरायकेला जिले के पीडीएस दुकानदार बकाया कमीशन समेत अन्य मांगों को लेकर एक सितंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। जिले में जनवितरण प्रणाली के अंतर्गत दुकानदारों की संख्या 200 से अधिक है। उनके हड़ताल पर चले जाने से केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा जिले में आवंटित राशन वितरण प्रणाली पूरी तरह से डगमगा जाएगी। पीडीएस दुकानदारों की एक बैठक गुरुवार को संघ के जिला अध्यक्ष फूलकांत झा की अध्यक्षता में सरायकेला स्थित अग्रसेन ठाकुरबाड़ी भवन धर्मशाला में हुई। जिसमें सभी डीलर एक मत होकर एक सितंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया है। मौके पर सभी दुकानदारों ने बताया कि केंद्र एवं राज्य सरकार की ओर से उन्हें जो कमीशन दिया जाता था, वह लगभग 8 महीने से लंबित है। इसके अलावा कुछ और मांग है। पीडीएस जन वितरण प्रणाली दुकानदार संघ की बैठक में जिला समिति का पुनर्गठन किया गया। जिसमें फूलकांत झा को पुनः एक बार अध्यक्ष बनाया गया है, कार्यकारी अध्यक्ष का दायित्व राजेंद्र उरांव को सौंपा गया है। धीरेन बास्के को उपाध्यक्ष बनाया गया है, महासचिव पद की जिम्मेवारी मुनेश्वर मुंडा को सौंपी गई है। वहीं रंजीत महाली को सचिव व अनिल कुमार रजक को सह सचिव बनाया गया है। शिवचरण उरांव को कोषाध्यक्ष, रंजीत मांझी को सह कोषाध्यक्ष तथा पप्पू कुमार राय को मीडिया प्रभारी का दायित्व दिया गया है। रितिका मुखी तथा देव प्रकाश देवता को प्रवक्ता बनाया गया है। जबकि भगत राम हजम को संरक्षक एवं मनोरमा देवी को संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कार्यकारी सदस्य में बद्रीनाथ माझी, ईश्वर चंद्र महतो, प्रदीप कुमार साहू ,विश्वामित्र माहली, सनत कुमार साहू ,पंचानन मुंडा, श्याम सुंदर मुंडा एवं अमित कुमार शामिल हैं।


