भास्कर न्यूज | अमृतसर रावी नदी का जलस्तर बढ़ने से अजनाला और रमदास के आसपास के करीब 40 गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। वीरवार को सांसद गुरजीत सिंह औजला ने इन प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। अजनाला पहुंचने पर बीएसएफ अधिकारियों ने उन्हें बताया कि बाढ़ के कारण क्षेत्र की चौकियों में लगभग 360 बीएसएफ जवान फंसे हुए हैं, जिन्हें तत्काल मदद की आवश्यकता है। औजला ने इस गंभीर स्थिति को देखते हुए प्रधानमंत्री, गृह मंत्री, रक्षा मंत्री और मुख्यमंत्री भगवंत मान से तुरंत हस्तक्षेप करने और रेस्क्यू आप्रेशन को तेज करने की मांग की है। इस दौरान उनके साथ पूर्व विधायक हरप्रताप सिंह अजनाला, बीएसएफ के कमांडेंट राजेश राणा सहित अन्य मौजूद थे। दौरे के दौरान सांसद ने अजनाला हलके के गांवों भैणियां, माझी म्यों, गुलगड़, सारंगदेव, खानवाल, छन्ना सारंगदेव, हाशमपुरा, अकबरपुरा, आवान बसाउ, घोगा, बल्ल लब्बे दरिया, साहोवाल, चक्क बाला, जगदेव खुर्द, अलीवाल कोटली, भैणी गिल, कमीरपुरा, दरिया मूसा, गग्गोमाहल, सुल्तान माहल, कल्लोमाहल का दौरा किया। उन्होंने प्रभावित लोगों से मिलकर उन्हें पीने का पानी, राशन और डीजल जैसी आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराईं। सांसद ने चौकियों का दौरा करते हुए जानकारी दी कि वह बीएसएफ की बीओपी शाहपुर में सबसे पहले पहुंचे जहां कोट रायजादा और बेदी छन्ना से पानी क्रास करके बाकी गावों में आ गया है। बीएसएफ के बीओपी दरिया मनसूर में 60, बदाई चीमा पोस्ट बीओपी में 50, कोट रायजादा में 32, छन्ना बीओपी में 40, छन्ना पत्तन में 15, पंच गरायियां में 80, धर्मशाला नियल नंगल सोद में 80, छन्ना रोड पर पीर बाबा की मजार में 9 जवान जोकि रेस्क्यू के लिए गए थे और वह वहीं फंस गए। दो गाड़ियां 407 और एक बोलेरो भी फंसी हुई है।


