बादल की मान को एक माह में मुआवजा देने की चेतावनी

भास्कर न्यूज। अमृतसर शिरोमणि अकाली दल के प्रधान सुखबीर सिंह बादल ने बाढ़ से तबाह हुई धान की फसल को लेकर पंजाब सरकार को चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि अगर आप सरकार ने एक महीने के भीतर किसानों को मुआवजा नहीं दिया, तो शिअद आंदोलन शुरू करने को मजबूर होगा। श्री हरमंदर साहिब में लैंड पुलिंग पॉलिसी वापस लेने की जीत के लिए अरदास करने पहुंचे बादल ने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि क्या जनता को मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर का अचार डालना है? क्या हेलीकॉप्टर से चार पैकेट खाने का सामान फेंकने से सरकार का फर्ज पूरा हो जाता है? प्रदेश की जनता बाढ़ से बेहाल है, फसलें डूब रही हैं और लोग मर रहे हैं, जबकि मान तमिलनाडु और अन्य राज्यों में सैर कर रहे हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि किसानों को बिस्किट के पैकेट नहीं, बल्कि डीजल, जेसीबी मशीनें, ट्रैक्टर-ट्रॉलियां और आर्थिक मदद की जरूरत है। बादल ने बांधों की मरम्मत और नदियों की खुदाई पर ध्यान देने की भी मांग की, ताकि भविष्य में इस तरह का नुकसान न हो। उन्होंने राजस्थान और हरियाणा सहित अन्य राज्यों के मुख्यमंत्रियों द्वारा भी दुख प्रकट न करने पर निराशा व्यक्त की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *