अमृतसर| पंजाब भर में बाढ़ की समस्या लगातार बनी हुई है। रावी दरिया से प्रभावित इलाकों में जिला अमृतसर की किसान मजदूर संघर्ष कमेटी की ओर से बड़ी संख्या में ट्रैक्टर-ट्रालियों और सैकड़ों वालंटियर्स ने सुबह से देर रात तक लगातार राहत और बचाव कार्यों में हिस्सा लिया। जत्थेबंदी की अगुवाई में बनी टीमों ने एनडीआरएफ और प्रशासनिक कर्मचारियों के साथ मिलकर राहत कार्य किए। संगठन के नेताओं ने बताया कि अलग-अलग गांवों से आए कार्यकर्ताओं ने प्रभावित लोगों के लिए लंगर और पीने के पानी की सेवा बड़े पैमाने पर की। नेताओं ने कहा कि जब तक हालात सामान्य नहीं होते, तब तक संगठन के कार्यकर्ता लगातार लोगों के साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने आम जनता से भी आगे आकर सहयोग की अपील की।


