निगम कर्मचारी ने पूर्व पार्षद के बेटे पर लगाया मारपीट का आरोप

भास्कर न्यूज | अमृतसर नगर निगम के स्ट्रीट लाइट विभाग में ड्यूटी कर रहे मुलाजिम नरेश कुमार ने पूर्व पार्षद मीनू सहगल के बेटे भाग्य सहगल पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। इस मामले में स्ट्रीट लाइट टेक्निकल इम्प्लाइज यूनियन के जनरल सेक्रेटरी वासुदेव यूनियन और प्रधान तरसेम सिंह ने निगम कमिश्नर को शिकायत सौंपकर सख्त कार्रवाई की मांग की है। यूनियन नेताओं ने बताया कि 27 अगस्त दोपहर करीब 3 बजे घटना घटी। नरेश का आरोप है कि पार्षद ने अपने निजी काम के लिए बुलाया, लेकिन उसने ड्यूटी का हवाला देते हुए कहा कि बाद में आ जाएगा। इसके बाद भाग्य सहगल अपने एक साथी के साथ पहुंचे और पूछने लगे कि बुलाने पर क्यों नहीं आया। इसी दौरान साथी युवक ने नरेश से मारपीट की, जिससे उसके सिर में चोटें आईं। पीड़ित का मेडिकल कराया गया है जिसमें चोट की पुष्टि हुई है। यूनियन नेताओं का कहना है कि गणेश चतुर्थी के चलते मुलाजिमों पर स्ट्रीट लाइट ठीक करने का अतिरिक्त दबाव है, ऐसे में एक ही समय कई जगह काम करना संभव नहीं। उन्होंने निगम कमिश्नर से मांग की है कि मुलाजिमों की ड्यूटी लिखित में लगाई जाए। कमिश्नर ने भरोसा दिलाया है कि नियमों के अनुसार ही कार्रवाई होगी। दूसरी तरफ, भाग्य सहगल ने आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि उन्होंने सिर्फ लाइट ठीक करने को कहा था, लेकिन राजनीतिक दबाव बनाकर मामले को तूल दिया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि नरेश को उन्होंने ही नौकरी दिलवाई थी और जिस युवक पर थप्पड़ मारने का आरोप है, वह उनका साथी नहीं बल्कि निगम का ही ठेका कर्मचारी है। भाग्य का कहना है कि उनकी मां (पूर्व पार्षद) को बदनाम करने की साजिश हो रही है। इस बीच, कैंटोनमेंट थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में दोनों पक्षों ने शिकायत दी है। भाग्य सहगल ने आरोप लगाया कि कर्मचारी ही उनके गले पड़ गया और धक्का-मुक्की की। फिलहाल दोनों पक्षों की दरख्वास्त पर जांच जारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *