कोडरमा रेलवे स्टेशन के पास एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। तिलैया थाना क्षेत्र के ताराटांड़ निवासी 28 वर्षीय श्रवण कुमार शराब के नशे में रेलवे ट्रैक पार कर रहा था। इस दौरान वह अज्ञात ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसे में उसका बायां पैर कट कर दो हिस्सों में बंट गया। फल के ठेले पर काम करता था श्रवण की मां रेखा भदानी ने बताया कि उनका बेटा झुमरीतिलैया के झंडा चौक पर एक फल के ठेले पर काम करता है। रात करीब 2 बजे उन्हें हादसे की सूचना मिली। वे तुरंत सदर अस्पताल कोडरमा पहुंचे। यहां से श्रवण को रांची के रिम्स रेफर कर दिया गया। उसकी स्थिति अभी भी गंभीर है। कोडरमा के आरपीएफ प्रभारी दीपक कुमार के अनुसार, रात्रि गश्ती के दौरान जवानों को कोडरमा जंक्शन के पूर्व दिशा में एक घायल युवक मिला। आरपीएफ ने तुरंत परिजनों को सूचित किया। घायल के भाई मुकेश भदानी के पहुंचने पर 108 एम्बुलेंस से उसे सदर अस्पताल भेजा गया। श्रवण के पिता प्रदीप कुमार भदानी झुमरीतिलैया के झंडा चौक पर नाश्ते का ठेला लगाते हैं। परिवार के अनुसार, श्रवण शराब का अधिक सेवन करता था और घर भी कम ही आता था।


