IPL पूर्व चेयरमैन ने जारी किया हरभजन का वीडियो:श्रीसंत को थप्पड़ मारते दिखाई दिए भज्जी, ललित मोदी ने पहली बार सार्वजनिक किया

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) ने पिछले 17 सालों में दुनिया की सबसे अमीर और चर्चित क्रिकेट लीग का दर्जा हासिल किया है। लेकिन IPL के पहले सीजन यानी 2008 में हुए एक विवाद ने क्रिकेट जगत को लंबे समय तक हिलाकर रख दिया था। ये विवाद मुंबई इंडियंस के ऑफ स्पिनर रहे हरभजन सिंह ने किंग्स इलेवन पंजाब के तेज गेंदबाज रहे श्रीसंत को मैदान पर थप्पड़ जड़ दिया था। अब इस घटना से जुड़ा असली वीडियो सामने आया है। IPL के संस्थापक और पूर्व चेयरमैन ललित मोदी ने पहली बार इस फुटेज को सार्वजनिक किया है। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान माइकल क्लार्क के पॉडकास्ट में ललित मोदी ने यह वीडियो साझा किया और बताया कि यह फुटेज पहले कभी दुनिया के सामने नहीं आया। पढ़ें ललित मोदी द्वारा क्या कहा गया पूर्व ललित मोदी ने इंटरव्यू में कहा- मैच खत्म हो चुका था, कैमरे बंद कर दिए गए थे। लेकिन मेरे एक सिक्योरिटी कैमरे ने घटना को कैद कर लिया था। उसमें साफ दिख रहा है कि भज्जी (हरभजन) ने श्रीसंत को बैक-हैंडर यानी थप्पड़ मारा। यह वीडियो मैंने इतने सालों तक जारी नहीं किया, लेकिन अब लगभग 18 साल बाद इसे सामने लाया हूं। ललित मोदी का यह खुलासा आते ही सोशल मीडिया पर स्लैपगेट एक बार फिर चर्चा में आ गया है। क्रिकेट प्रेमियों के लिए यह उस दौर की सबसे बड़ी विवादित घटना थी, जिसने खिलाड़ियों की छवि पर गहरा असर डाला। हरभजन ने इस घटना पर जताया था अफसोस हाल ही में हरभजन सिंह ने इस घटना को लेकर अपने मन की बात साझा की थी। टीम इंडिया के दिग्गज स्पिनर ने रविचंद्रन अश्विन के साथ एक इंटरव्यू में कहा था कि मेरी जिंदगी का एक ऐसा पल जिसे मैं बदलना चाहता हूं, वो है श्रीसंत वाला थप्पड़ मारने का किस्सा। अगर मुझे मौका मिले तो मैं इसे अपनी लाइफ से हटा दूं। जो हुआ गलत हुआ और मुझे ऐसा नहीं करना चाहिए था। मैंने उसके लिए सैकड़ों बार माफी मांगी। आज भी जब मौका मिलता है तो माफी मांगता हूं। यह मेरी सबसे बड़ी गलती थी। हरभजन ने आगे कहा कि इस घटना का बोझ वह आज भी उठाते हैं। उन्होंने बताया कि एक बार जब वह श्रीसंत की बेटी से मिले तो वह उनसे बात करने से कतराने लगी और बोली- मैं आपसे बात नहीं करना चाहती, क्योंकि आपने मेरे पापा को मारा था। उसकी यह बात सुनकर मेरा दिल टूट गया। मेरी आंखों में आंसू आ गए। मैं सोचने लगा कि मैंने उसके मन में कैसी छवि छोड़ी है? वो मुझे ऐसे इंसान के रूप में देख रही है जिसने उसके पिता को मारा। यह सोचकर मुझे बहुत बुरा लगा और मैं आज भी उसके लिए माफी मांगता हूं। घटना के बाद हुआ था बड़ा बवाल 2008 के उस सीजन में मुंबई इंडियंस और किंग्स इलेवन पंजाब के बीच मैच के बाद यह घटना घटी थी। मैदान पर सबके सामने श्रीसंत के रोने की तस्वीरें और वीडियो ने क्रिकेट जगत को हिला दिया था। हरभजन सिंह को तत्काल प्रभाव से पूरे IPL से बैन कर दिया गया था और उन पर मैच फीस का जुर्माना भी लगाया गया था। श्रीसंत ने तब दावा किया था कि हरभजन उनके साथ बहुत गुस्से में पेश आए और उन्होंने बिना किसी वजह के थप्पड़ जड़ा। इस घटना को लेकर मीडिया और फैन्स के बीच खूब बहस हुई। हालांकि समय के साथ दोनों खिलाड़ियों ने एक-दूसरे को माफ कर दिया और आगे बढ़े। लेकिन अब जब ललित मोदी का जारी किया फुटेज सामने आया है, तो यह विवाद फिर ताजा हो गया है। क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि यह घटना IPL के इतिहास का काला अध्याय रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *