जालंधर| पंजाब और पंजाबियत की पहचान ही सेवा कार्यों से है। इनमें गुरुघरों और सिख भाईचारे की सेवा अतुलनीय है। अब जबकि पंजाब के कई इलाकों में बाढ़ का प्रकोप है तो गुरुद्वारा गुरु नानक मिशन की प्रबंधक कमेटी पीड़ितों की मदद के लिए आगे आई है। इस संबंध में वीरवार को कमेटी सदस्यों ने शहर की समाज सेवी संस्थाओं और समाज सेवकों से आगे आने की अपील की है। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्यों ने बताया कि राहत सामग्री की पहली खेप मंगलवार यानी दो सितंबर को रवाना की जाएगी। शुरुआती चरण में 250 पैकेट होंगे। प्रत्येक पैकेट में पांच किलो आटा, एक किलो दाल, दो किलो चावल, 2 साबुन, 3 टुथ ब्रश, एक टुथपेस्ट, सरसों के तेल की बोतल, नमक, मिर्च-मसाला, पानी की बोतलें, मोमबत्तियां, माचिसें, सैनेटरी नेपकिन व अन्य सामग्री होगी। पहले दिन लोहियां, कपूरथला के आसपास जहां नुकसान पहुंचा है, वहां राशन सामग्री पहुंचाया जाएगा। इसके लिए लोकेशन जिला प्रशासन से पता की जाएगी। सबसे पहले वहां टीमें पहुंचेंगी, जहां लोग ज्यादा प्रभावित हुए हैं। इस संबंध में गुरुद्वारा गुरु नानक मिशन के प्रधान गुरबख्श सिंह जुनेजा, चरनजीव सिंह लाली, नौजवान सभा के मुखी संदीप सिंह चावला और कर्मजीत सिंह स्त्री सत्संग सभा की प्रधान बीबी अमरजीत कौर, दविंदर पाल सिंह सैनी, अमरजीत सिंह बजाज, सुखदेव सिंह गांधी ने कहा कि कुदरत ने लोगों पर जो प्रकोप ढाया है, उससे जो लोग प्रभावित हुए हैं, उसे आपसी सहयोग से ही कम किया जा सकता है। प्रधान जुनेजा ने कहा कि गुरु नानक मिशन अस्पताल की नौजवान सभा, प्रबंधक कमेटी और स्त्री सत्संग सभा की तरफ से साझे तौर पर अभियान चलाया जाएगा। इसमें शहरवासियों से भी सहयोग मांगा गया है। गुरुद्वारा साहिब में लोगों की तरफ से पहुंचाए जाने वाली सामग्री के पैकेट तैयार किए जाएंगे। यहां जसप्रीत सिंह, रजिंदर पाल सिंह, परमजीत सिंह, इंद्रमोहन सिंह, परविंदर सिंह भी मौजूद रहे।


