पश्चिमी सिंहभूम के चाईबासा आईटीआई प्रशिक्षण संस्थान में एडमिशन के लिए गुरुवार की देर रात से छात्रों और अभिभावकों की लंबी कतारें लगीं। ‘पहले आओ-पहले पाओ’ की नीति के तहत सैकड़ों छात्र-छात्राएं पूरी रात कॉलेज गेट पर खड़े रहे। छात्रों ने ऑनलाइन आवेदन किया था, लेकिन कई छात्रों को उनकी पसंद का ट्रेड नहीं मिल पाया। दोपहर एक बजे तक एसटी कोटा के सभी ट्रेड की सीटें भर गईं। संस्थान के प्रभारी प्राचार्य सत्य प्रकाश महतो ने बताया कि एडमिशन प्रक्रिया सरकारी गाइडलाइन के अनुसार हो रही है। प्रवेश छात्रों के प्रमाणपत्रों और मेरिट के आधार पर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अगर कोई छात्र प्रवेश नहीं लेता है, तो दूसरे छात्र को मौका दिया जाएगा। प्रबंधन का कहना है कि चरणबद्ध तरीके से सभी पात्र छात्रों को एडमिशन मिलेगा। किसी के साथ भेदभाव नहीं किया जाएगा। प्राचार्य ने छात्रों से धैर्य रखने की अपील की है।


