कुरुक्षेत्र पुलिस ने अवैध हथियार रखने के आरोप में पंजाब के एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में पंजाब नंबर की सफेद रंग की स्कोर्पियो में पिस्टल लेकर अपने चार अन्य साथियों के साथ शाहाबाद में घूम रहा था। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस को देखकर आरोपी के अन्य साथी गाड़ी को मौके पर छोड़ भाग निकले। वहीं चनारथल जिला फतेहगढ़ पंजाब निवासी जगतार सिंह उर्फ जग्गा को पुलिस ने मौके पर ही दबोच लिया। गाड़ी की तलाशी ली तो उसके अंदर से एक पिस्टल बरामद हुई। अमन होटल के पास घूम रहे थे आरोपी सीआईए-1 की टीम प्रभारी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि, गुरुवार की रात सहायक उप निरीक्षक, प्रवेश कुमार कुलदीप कुमार, कर्मवीर सिंह, सिपाही सतवीर सिंह व गाड़ी चालक मुख्य सिपाही प्रदीप कुमार की टीम शाहाबाद में मीना मार्केट के पास मौजूद थी। इस दौरान टीम को सूचना मिली कि जगतार सिंह उर्फ निवासी चनारथल जिला फतेहगढ़ पंजाब अपने कुछ साथियों के साथ स्कॉर्पियो गाड़ी में अमन होटल के पास घूम रहा है, जिनके पास अवैध हथियार है। सूचना पर पुलिस टीम ने अमन होटल पहुंचकर नाका लगाया और चेकिंग शुरू कर दी। पुलिस देख गाड़ी छोड़ भागे आरोपी थोड़ी देर बाद पुलिस टीम को एक संदिग्ध सफेद रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी आती हुई दिखाई दी। पुलिस टीम ने शक के आधार पर जब गाड़ी को रुकवाया तो उसमे से पांच युवक उतारकर भाग गए और एक युवक गाड़ी में बैठा रह गया। पुलिस टीम ने उसे काबू कर नाम- पता पूछा तो उसने जग्गा निवासी फतेहगढ़ पंजाब बताया। टीम द्वारा उसकी गाड़ी की तलाशी लेने पर एक पिस्टल बरामद हुई। आरोपी से पिस्टल बारे पूछा तो उसने बताया कि यह इस्माइलाबाद थाना क्षेत्र के गांव कुम्हार माजरा निवासी मनजिंद्र सिंह की है। आरोपी को थाना शाहाबाद में मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। जिसे कोर्ट में पेश कर पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया गया है। वहीं पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुट गई है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


