छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में किचन केयर, गैस रिपेयरिंग और बर्तन दुकान जैसी जगहों पर गैस सिलेंडर की ब्लैक मार्केटिंग हो रही है। गुरुवार को खाद्य विभाग ने चार दुकानों में छापेमारी कर 41 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त की है। साथ ही दुकान संचालकों पर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। दरअसल, शहर के अलग-अलग इलाकों में गैस सिलेंडर की कालाबाजारी खुलेआम चल रही है। गैस एजेंसी संचालक और उनके कर्मचारी मिलकर दुकानदारों को घरेलू गैस सिलेंडर उपलब्ध करा रहे हैं, जिसे वो महंगे कीमतों में लोगों को बेच रहे हैं। इसके साथ ही घरेलू गैस सिलेंडर से रिफिलिंग कर उसे व्यवसायिक बनाकर कमा रहे हैं। त्यौहारी सीजन में एक्टिव हुआ अमला इन दिनों त्यौहारी सीजन चल रहा है। ऐसे में खाद्य सामानों में मिलावट के साथ ही कालाबाजारी भी जोरों पर है। लिहाजा, गुरुवार को खाद्य विभाग की टीम ने घरेलू गैस के कालाबाजारी और व्यवसायिक स्तर पर खपाने की सूचना पर छापेमारी की। जांच के दौरान पुराना बस स्टैंड स्थित आशीष ट्रेडर्स से 10 घरेलू गैस सिलेंडर, कोनी स्थित शुभम किचन केयर गैस रिपेयर से 13, कोनी के ही आर्य फ्रिज व गैस चूल्हा रिपेयर से 16 यानी कुल 41 घरेलू गैस सिलेंडर, 2 नाप तौल मशीन आदि जब्त की गई। घरेलू गैस का व्यवसायिक उपयोग शहर में लंबे समय से घरेलू गैस सिलेंडर की अफरा-तफरी चल रही है। घरेलू गैस की कालाबाजारी के साथ ही रिफिलिंग, सिलेंडर का होटलों और अन्य व्यवसायिक स्तर पर सप्लाई बड़े पैमाने पर गैस एजेंसियों से ही होती है, लेकिन विभाग के अफसर केवल खानापूर्ति कर कार्रवाई पूरी कर लेते हैं।


