लुधियाना के ग्यासपुरा इलाके में स्नैचर गैंग का आतंक बढ़ता जा रहा है। यह गैंग अब तक कई महिलाओं के मंगलसूत्र झपट चुका है। इन घटनाओं के बाद इलाके की पुलिस पेट्रोलिंग पर सवाल उठ रहे हैं। सीसीटीवी कैमरों में यह बदमाश कैद हो चुके हैं, लेकिन अभी तक इन्हें पकड़ा नहीं जा सका है। पीपल चौक पर महिला से झपटमारी पहली घटना पीपल चौक की है। यहां एक सुनार की पत्नी अपने रिश्तेदार के साथ ऑटो में बैठकर बाजार जा रही थी। तभी एक्टिवा पर सवार दो बदमाशों ने झपटमारी की। एक बदमाश एक्टिवा स्टार्ट करके खड़ा रहा और दूसरा महिला के गले से मंगलसूत्र झपटकर भाग गया। महिला ने उनका पीछा भी किया, लेकिन वे फरार हो गए। न्यू गगन नगर में महिला का मुंह दबाकर छीना मंगलसूत्र दूसरी घटना न्यू गगन नगर गली नंबर 12 की है। माधुरी मिश्रा नाम की महिला अपने बच्चे को ट्यूशन से छोड़कर घर लौट रही थी। तभी एक्टिवा सवार दो युवक उसके घर के बाहर आए और फोन मांगने का बहाना किया। जब महिला ने मना किया और घर के अंदर जाने लगी, तो बदमाश घर में घुस गए। उन्होंने महिला का मुंह दबाया और गले से मंगलसूत्र छीनकर भाग गए। लोहारा रोड पर महिला ने दिखाई बहादुरी तीसरी घटना डाबा थाने के क्षेत्र की है। नेहा नाम की युवती ने बहादुरी दिखाते हुए एक चोर को पकड़ने में अहम भूमिका निभाई। नेहा ने सीसीटीवी कैमरे में देखा कि एक युवक उसकी स्कूटी के पास संदिग्ध रूप से घूम रहा है। उसने पहले युवक को वहां से जाने को कहा, लेकिन जब उसने चोरी की कोशिश की, तो नेहा ने डंडा उठाकर उसका सामना किया। नेहा ने अपने पति और पड़ोसियों को बुलाया। सभी ने मिलकर चोर को पकड़ लिया और डंडों से उसकी पिटाई की। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई।


