कोडरमा जिले में चोरी की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। ताजा मामला जयनगर थाना क्षेत्र का है, जहां शुक्रवार रात चोरों ने बाघमारा चौक के पास जेएच02 बीएम 7256 नंबर की स्कॉर्पियो चुराई। चोरी करने के बाद चोर यहीं नहीं रुके। वे चोरी की गई स्कॉर्पियो को लेकर पास के राधा फ्यूल स्टेशन पहुंचे और वहां से 1000 रुपए का डीजल भरवाया। यह पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। सीसीटीवी फुटेज में चोरों की गतिविधियां साफ तौर पर देखी जा सकती हैं, जिससे पुलिस को जांच में मदद मिल रही है। CCTV में कैद हुआ पूरा मामला गाड़ी के मालिक बंटी कुमार ने बताया कि वे शुक्रवार रात करीब 9 बजे घर लौटे थे और स्कॉर्पियो को बरामदे में खड़ा कर सो गए थे। लेकिन जब वे सुबह 5 बजे उठे तो देखा कि गाड़ी गायब है। खोजबीन के बाद उन्हें जानकारी मिली कि चोर रात करीब 3:30 बजे राधा फ्यूल स्टेशन पहुंचे थे और डीजल भरवाया था। इस घटना के बाद बंटी कुमार ने जयनगर थाना में चोरी की शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने पेट्रोल पंप के सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को सौंप दिए हैं। जयनगर पुलिस अब पेट्रोल पंप और आस-पास के इलाकों में लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है ताकि चोरों तक जल्द से जल्द पहुंचा जा सके। एक हफ्ते में तीसरी बड़ी चोरी गौरतलब है कि पिछले एक हफ्ते में कोडरमा जिले में चोरी की यह तीसरी बड़ी घटना है। इससे पहले मारकच्चो थाना क्षेत्र के एक मंदिर में चोरी हुई थी, वहीं जयनगर थाना क्षेत्र के मसौंधा गांव में लाखों रुपये के जेवरात चुरा लिए गए थे। लगातार हो रही इन घटनाओं ने स्थानीय लोगों में डर और चिंता बढ़ा दी है। लोग पुलिस प्रशासन से इन मामलों में त्वरित कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।


