स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी विजेता रहा

भास्कर न्यूज | लुधियाना सीटी यूनिवर्सिटी में हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद जी की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय खेल दिवस 2025 बड़े उत्साह और जोश के साथ मनाया गया। इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं में खेल भावना, निष्पक्ष खेल और फिटनेस के मूल्यों को बढ़ावा देना था। कार्यक्रम की शुरुआत सभी प्रतिभागियों और फैकल्टी द्वारा खेल भावना की शपथ लेकर की गई। पूरे आयोजन का सफल संचालन खेल विभाग के प्रमुख गुरदीप सिंह और उनकी टीम ने, निदेशक छात्र कल्याण इंजीनियर देविंदर सिंह के मार्गदर्शन में किया। इस वर्ष के खेल दिवस में 10 स्कूलों से 250 से अधिक छात्रों ने हिस्सा लिया। छात्रों ने शतरंज, टेबल टेनिस, टग ऑफ वॉर और तैराकी जैसी प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। इस आयोजन की सबसे खास बात रही कि भारतीय राष्ट्रीय टग ऑफ वॉर टीम ने भी इसमें शिरकत की। टीम ने छात्रों से बातचीत की और उन्हें खेलों को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिताओं में रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। शतरंज में स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग ने जीत दर्ज की, जबकि टेबल टेनिस में मैनेजमेंट स्टडीज और इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी ने शानदार प्रदर्शन किया। टग ऑफ वॉर में पुरुष वर्ग में इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी और महिला वर्ग में एलाइड हेल्थ साइंसेज विजेता बने। वहीं, स्विमिंग में होटल मैनेजमेंट, एयरलाइंस और टूरिज्म के छात्रों ने बाजी मारी। लगातार शानदार प्रदर्शन के चलते, स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी को ओवरऑल चैंपियन घोषित किया गया। इस अवसर पर निदेशक छात्र कल्याण, इंजीनियर देविंदर सिंह ने कहा कि खेल केवल शारीरिक ताकत ही नहीं बढ़ाते, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व और एकता की भावना भी विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय टग ऑफ वॉर टीम की मौजूदगी ने इस आयोजन को और भी प्रेरणादायक बना दिया। वहीं, सी टी यूनिवर्सिटी के वाइस चेयरमैन हरप्रीत सिंह ने छात्रों और आयोजन टीम की सराहना करते हुए कहा कि सी टी यूनिवर्सिटी हमेशा से शिक्षा के साथ-साथ खेलों के जरिए छात्रों के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देती रही है। कार्यक्रम का समापन विजेताओं और प्रतिभागियों के सम्मान के साथ हुआ, जिसमें फिटनेस, अनुशासन और एकता का मजबूत संदेश दिया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *