पंजाब में फरीदकोट जिला पुलिस ने पिस्तौल की नोक पर गाड़ियां छीनने की वारदातों को अंजाम देने वाले एक गिरोह के 4 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों ने 5 दिन पहले थाना जैतो के गांव सेवेवाला के पास से कार और नकदी छीनी थी। आरोपियों की पहचान तरनतारन के गांव सीतो माई निवासी हरमनदीप सिंह उर्फ हरमन मरड़, जगराज सिंह उर्फ युवराज सिंह, तरनतारन के ही अलगो काल निवासी मीतपाल सिंह उर्फ मीता और झुग्गियां पीरबख़्श निवासी मनपिंदर सिंह उर्फ मन्ना के रूप में हुई, जिनसे छीनी हुई 2 कारें, 1 देसी पिस्तौल .32 बोर और 2 जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। 5 दिन पहले छीनी थी कार
पुलिस ने बताया कि 5 दिन पहले 25 अगस्त को स्विफ्ट कार में आए बदमाशों ने सेवेवाला गांव से बठिंडा जा रहे श्री मुक्तसर साहिब निवासी राजिंदर सिंह से मारपीट करते हुए उसकी वरना कार व नकदी छीनकर फरार हो गए थे। इस मामले में पुलिस ने थाना जैतो में केस दर्ज करने के बाद एसएसपी डॉ प्रज्ञा जैन के दिशा निर्देश पर एसपी संदीप वढेरा, डीएसपी अरुण मुंडन और डीएसपी मनोज कुमार शर्मा की निगरानी में विशेष टीमों का गठन किया, जिन्होंने टेक्निकल इनपुट और खुफिया जानकारी के आधार पर इस गिरोह को क्षेत्र में अन्य वारदात को अंजाम देने की फिराक में हाईवे पर घूमते हुए गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों से जैतो की घटना के दौरान छीनी वरना कार और वारदात में इस्तेमाल स्विफ्ट डिजायर कार के अलावा देसी पिस्तौल व कारतूस बरामद किए गए। वारदात में इस्तेमाल वरना कार भी सरहिंद से छीनी हुई थी-एसपी
एसपी संदीप वढेरा ने बताया कि बरामद हुई स्विफ्ट डिजायर कार भी आरोपी हरमनदीप, जगराज सिंह, मीतपाल ने 20 अगस्त को सरहिंद से छीनी थी। इस संबंध में भी उनके खिलाफ थाना सरहिंद में भी मामला दर्ज है। इसके अलावा जगराज और मनपिंदर के खिलाफ थाना सिटी तरनतारन में आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज है। अब इन्हें कोर्ट से रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी ताकि पता चल सके कि उनके साथ इस घटना में और कौन शामिल है।


