भास्कर न्यूज । कवर्धा कवर्धा वन परिक्षेत्र के सरोदा सर्किल अंतर्गत रिजर्व फारेस्ट (आरएफ) 109 में अवैध ढंग से कब्जे कर लिए गए थे। यही नहीं, झोपड़ी बनाकर ढाबा और चाय-नाश्ता की दुकान चलाई जा रही थी। वन विभाग की उड़नदस्ता टीम ने शनिवार को अतिक्रमण तोड़ने कार्रवाई की। डीएफओ ने बताया कि सरोदा सर्किल में सरोदा बांध पहुंच मार्ग पर कुछ लोगों द्वारा अतिक्रमण का लिया गया था। यही नहीं, उक्त वन क्षेत्र में ढाबा, चाय- नाश्ता की दुकान संचालित किया जा रहा था। इस पर कार्रवाई करते हुए 3 अतिक्रमणकारियों को वन क्षेत्र से बाहर किया गया है। वहीं इससे पहले दो लोगों ने अवैध कब्जा छोड़ने के लिए दो दिन की मोहलत मांगी है। नियत समय में उक्त स्थान खाली नहीं करने पर पुनः बेदखली की कार्रवाई की जाएगी। ऑक्सीजोन एरिया में भी अवैध कब्जे: सरोदा बांध रोड पर जहां अतिक्रमण पर कार्रवाई की गई, उसी से लगा हुआ और भी अवैध कब्जे हैं। 7- 8 झोपड़ियां बन गई हैं, जहां लोग रहते हैं। उक्त अतिक्रमण लंबे समय से है, लेकिन वन विभाग इस पर कार्रवाई नहीं कर रहा है। सरोदा सर्किल में ही लाखों रुपए खर्च कर ऑक्सीजोन बनाए थे, वह भी बेजार पड़ा है। कवर्धा. कार्रवाई करते वन अमला।


