वैष्णो देवी रोपवे प्रोजेक्ट के खिलाफ प्रदर्शन का 5वां दिन:भूख हड़ताल भी जारी, डिप्टी CM बोले- 40,000 लोगों का रोजगार छिनेगा, LG बात सुनें

जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले की त्रिकुटा पहाड़ियों में रोपवे प्रोजेक्ट के खिलाफ बंद रविवार को 5वें दिन भी जारी है। 18 प्रदर्शनकारियों को कटरा पुलिस ने 3 दिन पहले गिरफ्तार किया था, जिनकी रिहाई की मांग के लिए 5 अन्य प्रदर्शनकारी भूख हड़ताल पर बैठ गए। जम्मू चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (JCCI) ने श्री माता वैष्णो देवी संघर्ष समिति को अपना समर्थन दिया है और प्रशासन से बातचीत के जरिए मुद्दे को सुलझाने की बात कही है। इस बीच, डिप्टी CM सुरिंदर चौधरी ने प्रदर्शनकारियों का समर्थन करते हुए कहा- रोपवे प्रोजेक्ट का फैसला गलत है। यदि कटरा के लोग रोपवे परियोजना नहीं चाहते हैं, तो श्राइन बोर्ड और एलजी को उनकी बात सुननी चाहिए और समस्याएं हल करनी चाहिए, क्योंकि इससे 40 हजार लोगों का रोजगार छिन जाएगा। दरअसल, वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड श्रद्धालुओं के मंदिर जाने के लिए कटरा में ताराकोट मार्ग और सांझी छत के बीच 12 किलोमीटर के मार्ग पर 250 करोड़ रुपए की लागत से रोपवे का निर्माण करवा रहा है। अभी तक वैष्णो देवी आने वाले श्रद्धालुओं को खच्चर और पालकीवाले ही मंदिर दर्शन कराने ले जाते हैं। ये उनके कमाई का जरिया है। इसलिए वे रोपवे प्रोजेक्ट का विरोध कर रहे हैं। प्रदर्शन की 3 तस्वीरें… प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज, 18 लोग गिरफ्तार, कांग्रेस समर्थन में आई प्रदर्शनकारियों ने कहा कि कटरा पुलिस ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे लोगों को गिरफ्तार किया। उन्होंने लाठीचार्ज भी किया। इसी कारण हमने 72 घंटे बंद को बढ़ाया है। कांग्रेस के पूर्व मंत्री जुगल शर्मा भी प्रदर्शनकारियों के समर्थन में आए। LG बोले- जनवरी तक प्रोजेक्ट काम पूरा हो जाएगा जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल (LG) मनोज सिन्हा ने निर्माणाधीन जम्मू तवी रिवरफ्रंट परियोजना के स्थल का दौरा किया था। उन्होंने कहा था- 90% काम पूरा हो चुका है। उम्मीद है कि यह जनवरी तक पूरा हो जाएगा। कटरा में चल रहे विरोध प्रदर्शन पर उन्होंने कहा था कि श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड द्वारा घोषित रोपवे परियोजना का उद्देश्य तीर्थयात्रियों के लिए तेज और सुरक्षित यात्रा प्रदान करना है। प्रदर्शनकारी 20 लाख मुआवजा मांग रहे रोपवे प्रोजेक्ट के खिलाफ चले प्रदर्शन में मजदूर संघ के अध्यक्ष भूपिंदर सिंह जामवाल और शिवसेना (UBT) के प्रदेश अध्यक्ष मनीष साहनी भी शामिल हुए थे। उन्होंने रोपवे प्रोजेक्ट से प्रभावित होने वाले प्रत्येक नागरिक के लिए ₹20 लाख का मुआवजा देने की मांग की थी। साथ ही प्रभावित लोगों के लिए पुनर्वास प्लान बनाने के लिए भी कहा था। 2024 में अब तक 84 लाख लोगों ने दर्शन किए वैष्णो देवी के दर्शन के लिए इस साल अक्टूबर तक 86 लाख से ज्यादा लोग पहुंच चुके है। श्राइन बोर्ड के अधिकारियों को कहना है कि आंकड़ा 1 करोड़ से ऊपर पहुंच जाएगा। पिछले साल 95 लाख से ज्यादा लोगों ने दर्शन किए थे। ——————————————————– जम्मू-कश्मीर से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… जम्मू-कश्मीर में लेक्चरर पद की वैकेंसी को लेकर विवाद, BJP-PDP ने उमर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन शुरू किया जम्मू-कश्मीर की नेशनल कॉन्फ्रेंस सरकार ने हाल ही में विभिन्न विषयों के लिए लेक्चरर के 575 पद निकाले हैं, लेकिन इस बार हिंदी और संस्कृत को शामिल नहीं किया। जबकि राज्य में हिंदी सबसे ज्यादा बोली जाने वाली भाषाओं में से एक है। स्कूल-कॉलेज और यूनिवर्सिटीज में हिंदी में पढ़ाई होती है, फिर भी लेक्चरर्स के लिए हिंदी और संस्कृत में एक भी पद नहीं निकाले जाने से राज्य में राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। पूरी खबर पढ़ें…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *