शहर के समाजसेवी व शिक्षक दामोदर शुक्ला की पुण्यतिथि के अवसर पर राजकीय प्राथमिक स्कूल भिंडपुरा पाटोरन में बच्चों को स्वेटर का वितरण किया गया। कड़कड़ाती सर्दी के बीच गर्म कपड़े मिलने पर स्कूली छात्रों के चेहरे खिल उठे। इस दौरान कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एडवोकेट उधोसिंह ने कहा कि करौली मोक्षधाम सेवा समिति, मदनमोहन कारसेवक संघ, पर्यावरण चेतना समिति आदि को बखूबी आगे बढ़ाने वाले दामोदर शुक्ला सभी के प्रेरणा स्रोत रहे है, जिनकी स्मृतियां आज भी हृदय के पटल पर अंकित है। दामोदर शुक्ला के व्यक्तित्व के कारण उन्हें कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि दामोदर शुक्ला की ओर से शहर में चलाए गए टोंटी लगाओ, पॉलीथीन हटाओ, सघन वृक्षारोपण, भद्रावती बचाओ अभियान आदि के बारे में भी जानकारी दी। यहां गौरतलब है कि प्रतिवर्ष स्कूली छात्र-छात्राओं को अंकुश शुक्ला द्वारा जर्सी वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। वक्ताओं ने इसे समाज हित में अच्छी पहल बताया। इस अवसर पर कृष्ण गोपाल शुक्ला, राजेंद्र सारस्वत, विनोद शर्मा, वीरेंद्र शर्मा, प्रमोद महेरा, महेंद्र सूरौठिया, पप्पू, मनोज व्यास, कृपाल मीना, मयंक शुक्ला, बृजेश शुक्ला, अंकुश शुक्ला आदि उपस्थित थे।


