सरायकेला थाना क्षेत्र के समाहरणालय के पास बीती रात अज्ञात चोरों ने ट्रांसफॉर्मर के क्वायल की चोरी कर ली। शनिवार रात को अचानक बिजली चली गई थी। पहले तो ग्रामीणों ने इसे विभाग द्वारा की जाने वाली नियमित रूटीन कटौती समझा और ज्यादा ध्यान नहीं दिया। लेकिन जब रविवार की सुबह तक बिजली की आपूर्ति बहाल नहीं हुई, तो ग्रामीणों ने बाहर जाकर देखा और पाया कि सुशील ढाबा के पास स्थित ट्रांसफॉर्मर को नीचे उतारकर फेंक दिया गया था और उसकी क्वायल गायब थी। स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी सूचना ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को इस चोरी की सूचना दी और घटना के बारे में अधिकारियों को बताया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की, लेकिन अभी तक कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका है। इस घटना को लेकर पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चोरों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए त्वरित कार्रवाई की जा रही है। जहां सबसे अधिक सुरक्षा, वहीं चोरी चोरों की हिम्मत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि यह चोरी जिले के समाहरणालय परिसर के पास हुई है, जहां सुरक्षा व्यवस्था भी काफी सख्त है। समाहरणालय, जो जिले की प्रशासनिक गतिविधियों का केंद्र है, वहां के नजदीक इस प्रकार की चोरी ने सुरक्षा इंतजाम पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यह स्थान जिले के उच्च अधिकारियों का कार्यक्षेत्र है और यहां तक कि सुरक्षा कर्मियों की तैनाती भी की जाती है, फिर भी चोरों ने बिना किसी डर के ट्रांसफॉर्मर से क्वायल चुरा लिया।


