मोहाली जिले में लगातार बढ़ रहे इमिग्रेशन फ्रॉड के मामलों को देखते हुए प्रशासन ने 426 लाइसेंसधारी एजेंटों की सूची जारी की है। प्रशासन का उद्देश्य जनता को ठगी से बचाना और विदेश जाने के इच्छुक लोगों को सही जानकारी देना है। यह सूची मोहाली, खरड़, जीरकपुर और डेराबस्सी क्षेत्रों के अधिकृत एजेंटों के नामों के साथ तैयार की गई है, जिसे आधिकारिक वेबसाइट पर भी अपलोड किया गया है। मोहाली के एडीसी विराज श्यामकरण तिड़के ने लोगों से अपील की है कि वे केवल अधिकृत एजेंटों से ही संपर्क करें। यदि कोई अनधिकृत एजेंट विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी करता है, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। 10 महीनों में 222 लोग हुए ठगी का शिकार बता दें कि, इस साल 31 अक्तूबर तक, विदेश भेजने के नाम पर 222 लोगों के साथ धोखाधड़ी के मामले सामने आए हैं। इनमें सबसे अधिक 65 केस मटौर पुलिस स्टेशन में दर्ज हुए। थाना फेज 1 में 35, मामले, थाना फेज 11 में 26 मामले, सोहाना में 26 मामले, आईटी सिटी थाने में 17 मामले, जीरकपुर थाने में 15 मामले, खरड़ थाने में 21 मामले, बलौंगी में 8 मामले, ढकोली में 3 मामले, डेराबस्सी में 2 मामले और कुराली, मुल्लांपुर, माजरी और नयागांव में 1-1 मामला दर्ज हुआ है। फर्जी एजेंटों से रहें सतर्क मोहाली के एडीसी विराज श्यामकरण तिड़के ने जनता को आगाह करते हुए कहा कि फर्जी एजेंटों से सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस और प्रशासन को दें। उन्होंने कहा कि बेरोजगार युवाओं को खासकर ऐसे गिरोहों से बचने की जरूरत है जो मजबूरी का फायदा उठाते हैं।


