भास्कर न्यूज | चाईबासा झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के द्वारा पूरे राज्य में प्रखंड सह अंचल कार्यालय के नए भवन का निर्माण कराया जा रहा है। जिससे एक छत के नीचे ग्रामीणों को सभी सुविधा मिल सके। यह बातें प्रखंड सह अंचल कार्यालय मझगांव के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन करते हुए सिंहभूम की सांसद जोबा मांझी ने कही। उन्होंने कहा कि प्रखंड सह अंचल कार्यालय के नवनिर्मित भवन में विकास का काम तेजी के साथ होगा। नए भवन से विकास का द्वार खुलेगा और पूरे प्रखंड क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिलेगी। सांसद ने कहा पहले जर्जर भवन में अधिकारी, कर्मी काम करते थे और ग्रामीणों को इधर-उधर भटकना पड़ता था। लेकिन अभी एक ही भवन के नीचे सभी विभाग का काम हो जाएगा। प्रखंड कार्यालय का चारदीवारी और सौंदर्यीकरण का कार्य भी सांसद, विधायक मिलकर करेंगे। उद्घाटन समारोह को संबंधित करते हुए मझगांव के विधायक निरल पुरती ने कहा कि सौंदर्यीकरण के साथ पेवर ब्लॉक भी लगाया जाएगा। इस दौरान मझगांव अस्पताल भवन का भी भूमि पूजन नारियल फोड़ कर किया गया। क्योंकि अस्पताल में सुविधा नहीं रहने के कारण इलाज करने के लिए लोगों को उड़ीसा जाना पड़ता था, लेकिन नया भवन बनने से उसमें अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे, सीटी स्कैन, प्रसव आदि सभी सुविधा मरीज को मिलने लगेगी। उद्घाटन के बाद सांसद और विधायक ने नवनिर्मित भवन का निरीक्षक किया। इस मौके पर जिला परिषद सदस्य पूनम जराई, लंकेश्वर तामसोई, कुमारडुंगी जिला परिषद सदस्य शशि भूषण पाट पिंगुवा, प्रखंड प्रमुख सरस्वती चातार, उप प्रमुख शबनम परवीन, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, झारखंड मुक्ति मोर्चा के अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष दिलबर हुसैन, प्रखंड अध्यक्ष राजेश समेत अन्य उपस्थित रहे।


