राष्ट्रीय खेल दिवस पर जामताड़ा इनडोर स्टेडियम में प्रतियोगिता,विजेता खिलाड़ियों को मिले पुरस्कार

भास्कर न्यूज | जामताड़ा राष्ट्रीय खेल दिवस 2025 के अवसर पर जामताड़ा जिला अंतर्गत इनडोर स्टेडियम में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ उपायुक्त रवि आनंद, उप विकास आयुक्त निरंजन कुमार एवं जिला खेल पदाधिकारी तूफान कुमार पोद्दार ने संयुक्त रूप से किया। इससे पूर्व कार्यक्रम की शुरुआत हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पण के साथ हुई। आयोजित प्रतियोगिताओं में बैडमिंटन, ताइक्वांडो, गुलेल, कैरम, चेस और टेबल टेनिस सहित कई खेलों का आयोजन किया गया, जिसमें जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए अलग-अलग आयु वर्ग के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। खेल हमें अनुशासन, धैर्य और टीम भावना सिखाते हैं। उन्होंने कहा कि हार और जीत खेल का स्वाभाविक हिस्सा है, लेकिन असली खिलाड़ी वही है जो हार से सीख लेकर आगे बढ़े। उपायुक्त ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे पढ़ाई के साथ-साथ खेलों को भी उतना ही महत्व दें, क्योंकि पढ़ाई और खेल दोनों ही जीवन को संतुलित और सफल बनाने के लिए जरूरी हैं। इस अवसर पर उपायुक्त ने स्वयं कैरम और बैडमिंटन खेलकर खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। विजेता खिलाड़ियों एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार भी वितरित किए। उन्होंने सभी उपस्थित लोगों को शपथ दिलाई कि वे खुद को शारीरिक रूप से फिट, मानसिक रूप से मजबूत और भावनात्मक रूप से संतुलित बनाने के लिए प्रतिदिन खेल और फिटनेस गतिविधियों में भाग लेंगे। कार्यक्रम में जिला खेल पदाधिकारी तूफान कुमार पोद्दार, सुशील कुमार, सूरज कुमार सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति और खेल प्रेमी मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *