अमृतसर| पंजाब में आई बाढ़ ने अमृतसर और आसपास के गांवों को गहरी चोट पहुंचाई है। घरों में पानी भरने से जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है और खेत पूरी तरह से बर्बाद हो चुके हैं। इस बीच इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के पूर्व चेयरमैन और वरिष्ठ कांग्रेसी नेता दिनेश बस्सी ने केंद्र सरकार से प्रभावित परिवारों की मदद की अपील की है। बस्सी ने कहा कि अभी पंजाब के लोग आपसी भाईचारे और सहयोग से एक-दूसरे का सहारा बन रहे हैं। स्थानीय स्तर पर लोग राहत सामग्री पहुंचा रहे हैं। लेकिन असली संकट तब सामने आएगा जब पानी उतर जाएगा और लोग अपने घरों में तबाही का मंजर देखेंगे। उस समय लोगों को न सिर्फ मानसिक हौसले की, बल्कि आर्थिक सहयोग की भी सबसे ज्यादा जरूरत होगी। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों तक जल्द से जल्द सहायता पहुंचाना जरूरी है, वरना उनकी मुश्किलें और बढ़ जाएंगी।


