अमृतसर| पंजाब में आई बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए ईएमसी ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स ने एक सराहनीय पहल की है। ग्रुप ने बाढ़ पीड़ितों के लिए निःशुल्क चिकित्सा सेवाएं और राहत सहयोग देने की घोषणा की है। अमृतसर, गुरदासपुर, पठानकोट और बटाला में स्थित अपनी 11 शाखाओं के माध्यम से, ईएमसी ग्रुप बाढ़ पीड़ितों को मुफ्त इनडोर उपचार देगा। इसके लिए प्रत्येक शाखा में 10-10 बेड आरक्षित किए गए हैं। इन बेडों पर भर्ती मरीजों को निःशुल्क इलाज, दवाइयां और डॉक्टर की देख-रेख प्रदान की जाएगी। यह सुविधा केवल उन्हीं लोगों को मिलेगी, जिनकी अनुशंसा सरकारी अधिकारियों या अधिकृत राहत प्रभारी द्वारा की जाएगी। ईएमसी प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि यह पहल किसी निजी लाभ के लिए नहीं, बल्कि एक स्वास्थ्य सेवा संस्थान के रूप में उनका नैतिक दायित्व है। ईएमसी के निदेशक डॉ. ऋषभ अरोड़ा ने कहा कि उनका संस्थान पंजाब सरकार और प्रशासन के साथ मिलकर प्रभावित नागरिकों तक समय पर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।


