टोटो थाना क्षेत्र से 1.6 किलो गांजा व बाइक बरामद, कारोबारी गिरफ्तार

गुमला|गुमला पुलिस ने नशे के कारोबार पर तगड़ा प्रहार करते हुए शनिवार को एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। जिले के टोटो थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंसो में पुलिस ने छापेमारी कर गांजा तस्करी का पर्दाफाश किया। इस दौरान पुलिस ने 1.600 किलो गांजा और बाइक जेएच 08C-5925 जब्त की। जानकारी के मुताबिक दोपहर करीब 1:30 बजे गुमला पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली कि ग्राम पंसो निवासी अरुण बैठा के घर में गांजे की खरीद-बिक्री हो रही है। सूचना मिलते ही एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल गठित किया गया। दल में थाना प्रभारी गुमला महेंद्र कुमार करमाली, टोटो थाना के पुलिस अवर निरीक्षक उदेश्वर पाल, सहायक अवर निरीक्षक नौशाद पवरिया और सशस्त्र बल शामिल थे। पुलिस दल ने दोपहर में पंसो गांव पहुंचा तो अरुण बैठा के घर के सामने से एक युवक बाइक पर सवार होकर गुजर रहा था। पुलिस को देखते ही युवक घबरा गया और बाइक वहीं छोड़कर भागने लगा। पुलिस बल ने पीछा किया लेकिन वह फरार हो गया। संदेह गहराने पर पुलिस ने तुरंत घर की घेराबंदी कर तलाशी शुरू कर दी। घर की तलाशी के दौरान निर्माणाधीन मकान की सीढ़ी के नीचे रखा एक बैग बरामद हुआ। यह बैग नीले और बैंगनी रंग का था। जब बैग खोला गया तो उसमें से गांजे की गंध फैली। पुलिस ने वजन कराया तो उसमें 1.600 किलो गांजा पाया गया। मौके पर मौजूद अनुज बैठा से पूछताछ में बड़ा खुलासा हुआ। उसने बताया कि उसका पिता अरुण बैठा उर्फ चाई 54 वर्ष और छोटा भाई रूपेश बैठा 19 वर्ष लंबे समय से गांजा की अवैध खरीद-बिक्री कर रहे हैं। पूरे इलाके में उनका नेटवर्क फैला हुआ है और अक्सर उनके घर से लेन-देन होता रहा है। बरामद गांजा और बाइक को विधिवत जब्त कर थाना लाया गया। 31 अगस्त को पुलिस ने मुख्य आरोपी अरुण बैठा उर्फ चाई को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। वहीं फरार रूपेश बैठा और बाइक चालक की तलाश तेज कर दी गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *