चंडीगढ़ सुखना लेक का जलस्तर फिर से खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है, जिसके चलते बुधवार सुबह 7 बजे सुखना लेक के फ्लड गेट खोल दिए गए। जलस्तर 1162 फुट से ऊपर पहुंच गया था। खराब मौसम को देखते हुए चंडीगढ़ प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। चंडीगढ़ के सभी स्कूल 3 सितंबर 2025 यानी आज बंद करने का आदेश दिया गया है। अधिकारियों ने कहा है कि छात्रों और अभिभावकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। मौसम विभाग ने भी भारी बारिश और खराब मौसम की चेतावनी जारी की है। शिक्षा विभाग ने अभिभावकों और विद्यार्थियों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और आधिकारिक निर्देशों का पालन करें। रात को 1162.90 फुट पहुंचा पानी
ट्राइसिटी में रात से ही बारिश हो रही थी। इस वजह से सुखना लेक का जल स्तर 1162.90 फीट के करीब पहुंच गया था। जैसे ही 1162 को क्रॉस करता है। उसके बाद फ्लड गेट खोले जाते है। हालांकि प्रशासन ने लोगों को अलर्ट रहने की सलाह दी है। इसके अलावा नगर निगम की टीमें भी अलर्ट मोड़ पर है। जिला मजिस्ट्रेट ने जारी किया आदेश
चंडीगढ़ में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते शहर के जलाशयों और चोयों में पानी का स्तर काफी बढ़ गया है। जिला मजिस्ट्रेट निशांत कुमार यादव ने आदेश जारी कर साफ किया है कि किसी भी व्यक्ति या उसके पालतू पशु/पशुधन को तालाब, नाले, चोए, झील, पोखर या अन्य जलाशयों में प्रवेश करने की सख्त मनाही होगी। आदेश में कहा गया है कि बारिश के कारण सुखना चोए, पटियाला की राव सहित कई जलधाराओं का पानी उफान पर है। ऐसे में लोगों का तैरने, नहाने, मछली पकड़ने या अन्य किसी उद्देश्य से इन जगहों पर जाना उनकी जान के लिए खतरनाक हो सकता है। यह पाबंदी 2 सितंबर 2025 की आधी रात से लागू होकर 31 अक्टूबर 2025 तक प्रभावी रहेगी। आदेश तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, यह प्रतिबंध आपदा प्रबंधन टीम, पुलिस, सैन्य या अर्धसैनिक बल और अन्य सरकारी कर्मचारियों पर लागू नहीं होगा, जिन्हें बचाव कार्य या सक्षम प्राधिकारी द्वारा अधिकृत कार्यों के लिए जलाशयों में जाना होगा। देखिए पानी छोड़ने के बाद की तस्वीरें…..


