भास्कर न्यूज | कवर्धा कबीरधाम पुलिस ने आप मन के मुस्कान-हमन के पुरस्कार अभियान के तहत गुम हुए 230 मोबाइल फोन, जिनकी कीमत करीब 50 लाख है, खोज निकाला। साथ ही, इन मोबाइल को उनके असली मालिकों को लौटा दिए। पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह की कमान में चलाए गए इस विशेष अभियान में साइबर सेल और जिले के तमाम थाने-चौकियों ने लगातार मेहनत की। सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर (सीईआईआर) पोर्टल की मदद से गुम मोबाइलों की लोकेशन ट्रैक की गई। फिर एक-एक मोबाइल को बरामद कर मालिक तक पहुंचाया गया। इस दौरान एएसपी पुष्पेंद्र सिंह बघेल, एएसपी पंकज पटेल, डीएसपी कृष्ण कुमार चंद्राकर समेत पूरी साइबर टीम एएसआई चंद्रकांत तिवारी और आरक्षक आकाश राजपूत ने शानदार भूमिका निभाई। डीएसपी कृष्णा चंद्राकर ने बताया कि मोबाइल गुम होते ही तुरंत थाने या साइबर सेल को सूचना दें। www.ceir.gov.in पर जाकर मोबाइल का आईएमईआई नंबर दर्ज करें। एफआईआर या शिकायत नंबर अवश्य प्राप्त करें। इससे आसानी होगी। कवर्धा की साइबर टीम ने संबंधितों से संपर्क किया पुलिस के मुताबिक, गुम हुए ज्यादातर मोबाइल छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों में एक्टिव थे। कुल 230 में से 8 मोबाइल फोन ऐसे थे, गुमने के बाद राजस्थान, उत्तरप्रदेश व गुजरात में सक्रिय पाए गए। साइबर टीम ने संबंधितों से संपर्क किया। उन्होंने कुरियर कर मोबाइल साइबर सेल कवर्धा भिजवाए।


