रणवीरपुर में उप तहसील कार्यालय खुलने से सुविधा

भास्कर न्यूज | रणवीरपुर ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग आखिरकार पूरी हो गई। रणवीरपुर में उप तहसील कार्यालय का शुभारंभ मंगलवार को समरसता भवन में दामाखेड़ा कबीर आश्रम के नवोदित वंशाचार्य उदितमुनि नाम साहेब एवं पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने किया। विधायक ने कहा कि रणवीरपुर में उप तहसील कार्यालय की स्थापना ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग थी। इस मुद्दे को उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के समक्ष रखा था। जुलाई में आयोजित निशुल्क बस सेवा शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने वर्चुअल रूप से इसकी घोषणा की थी, जिसका आज साकार रूप दिखा। अब क्षेत्रवासियों को खसरा की नकल, नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन और ऋण पुस्तिका जैसे राजस्व कार्यों के लिए दूर-दराज की तहसीलों में बार-बार भटकना नहीं पड़ेगा। जमीन विवाद का शीघ्र निपटान भी यहीं संभव होगा। इससे किसानों और ग्रामीणों का समय व संसाधन दोनों की बचत होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का उद्देश्य सिर्फ भवन निर्माण नहीं, बल्कि ग्रामीणों की आकांक्षाओं को पूरा करना है। उप तहसील कार्यालय के शुभारंभ को उन्होंने पारदर्शी प्रशासन और त्वरित सेवाओं की दिशा में एक सशक्त कदम बताया। बोहरा ने कहा कि अब न केवल रणवीरपुर, बल्कि आसपास के गांवों के लोग भी आसानी से राजस्व सेवा का लाभ उठा सकेंगे। यह कार्यालय जनसुविधाओं के विस्तार और प्रशासनिक कार्यों में तेजी लाने का सेतु बनेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *