भास्कर न्यूज | अमृतसर पंजाब प्रदेश व्यापार मंडल के अध्यक्ष प्यारे लाल सेठ एवं महासचिव समीर जैन ने कहा है कि पंजाब में पिछले कई दिनों से लगातार हो रही बारिश ने व्यापारियों को गहरी चोट पहुंचाई है। शहरों से लेकर कस्बों एवं गांवों तक व्यापारी वर्ग का कामकाज ठप हो गया है। उन्होंने बताया कि हजारों व्यापारियों के गोदामों में रखा लाखों-करोड़ों रुपए का माल पानी में भीगकर पूरी तरह खराब हो चुका है। कई दुकानदारों की दुकानें लंबे समय तक बंद रही, जिससे उनका व्यापार बुरी तरह प्रभावित हुआ। ऐसे में ग्राहक द्वारा खरीदो फरोख्त नहीं की गई और जिन क्षेत्रों में पानी भर गया, वहां की आर्थिक गतिविधियां पूरी तरह ठप्प रहीं। ग्रामीण क्षेत्रों के लोग पहले ही बाढ़ की त्रासदी से जूझ रहे हैं और अब इसका असर सीधे व्यापारियों पर भी पड़ रहा है। उन्होंने साफ किया कि आने वाला फेस्टिवल सीजन व्यापार जगत के लिए सबसे महत्वपूर्ण होता है। यदि इस समय व्यापारियों को राहत नहीं दी गई तो आगामी चारों त्योहारों नवरात्र, दशहरा, दिवाली और छठ पूजा का सीजन पूरी तरह प्रभावित हो जाएगा। यह केवल व्यापारियों का ही नहीं, बल्कि आम जनता, मजदूरों और रोज कमाने-खाने वालों का भी नुकसान होगा। उन्होंने सरकार से मांग की कि प्रभावित व्यापारियों को तुरंत सस्ता ऋण उपलब्ध करवाया जाए। जीएसटी व अन्य करों में अस्थायी राहत दी जाए। व्यापारियों को उनके नुकसान की आंशिक भरपाई हेतु मुआवजा दिया जाए। व्यापार जगत के लिए विशेष राहत पैकेज घोषित किया जाए। सेठ व जैन ने कहा कि व्यापारी वर्ग प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। व्यापारी न केवल रोजगार सृजन करते हैं बल्कि लाखों परिवारों की आजीविका उनसे जुड़ी हुई है। ।


