बड़की सरिया |सरिया प्रखंड के पूर्णिडीह पंचायत में करीब 6 करोड़ रुपए की लागत से निर्माणाधीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का कार्य इन दिनों चर्चा में है। स्थानीय लोगों ने निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए अस्पताल भवन के निर्माण को असंतोषजनक बताया। इस संदर्भ में शुक्रवार को भाजपा मंडल अध्यक्ष पवन पांडेय ने स्थानीय ग्रामीणों के साथ निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद निर्माण एजेंसी को स्पष्ट शब्दों में कहा कि भवन निर्माण कार्य एस्टीमेट और मानक के अनुरूप किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर कार्य में लापरवाही बरती गई तो इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संवेदक निर्भय सिंह ने आश्वासन दिया कि निर्माण कार्य पूरी गुणवत्ता के साथ किया जा रहा है और यह अस्पताल भवन भविष्य में इलाके के लिए एक बड़ी स्वास्थ्य सुविधा साबित होगा। भवन निर्माण विभाग के जूनियर इंजीनियर विकास कुमार ने भी संवेदक को निर्देश दिया कि किसी भी हालत में निर्माण कार्य में समझौता नहीं होना चाहिए।


