लुधियाना| बीसीएम आर्य मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, शास्त्री नगर में पंजाब स्टेट काउंसिल फॉर साइंस एंड टेक्नोलॉजी और भारत सरकार के मिशन लाइफ के तहत क्लस्टर स्तरीय ईको-क्लब ओरिएंटेशन कार्यशाला हुई। इसमें बरनाला, फरीदकोट, कपूरथला, लुधियाना, मलेरकोटला और मोगा के ईको-क्लब इंचार्ज और शिक्षक शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और पौधरोपण से हुई। उद्घाटन भाषण डॉ. केएस बाथ (संयुक्त निदेशक) ने दिया। डीईओ डिंपल मदान, डॉ. मंदाकिनी ठाकुर, डॉ. रीना चड्ढा और वैशाली सिंह ने पर्यावरण संरक्षण, सतत विकास और ईको-इनोवेशन पर विचार रखे। कार्यशाला में कार्बन फुटप्रिंट घटाने, ईको-फ्रेंडली जीवनशैली और शिक्षण में नवाचार पर विशेष जोर दिया गया। ईको हैकाथॉन की अवधारणा ने शिक्षकों और विद्यार्थियों को प्रेरित किया। ग्रीन सेल्फी कॉर्नर आकर्षण का केंद्र रहा। अंत में इंचार्ज और शिक्षकों को सम्मानित किया गया। प्रिंसिपल डॉ. अंजु कौशल ने कहा कि विद्यालय हरित परिवर्तन के अग्रदूत बनें।


