भास्कर न्यूज | लुधियाना शिक्षक दिवस पर नोबल फाउंडेशन संस्था ने अपनी 150 अध्यापिकाओं को सम्मानित किया। संस्था मां शारदा विद्यापीठ के नाम से कई स्कूल चलाती है और हजारों जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा देती है। कार्यक्रम में अध्यापिकाओं को उपहार और लंच दिया गया, जिसे ली फोर्ड हेल्थकेयर लिमिटेड ने स्पॉन्सर किया। संस्था का सफर पांच विद्यार्थियों से शुरू हुआ था। आज यह हजारों तक पहुंच चुका है। अध्यापिकाओं ने साधनों की कमी और बिना छत के भी बच्चों को पढ़ाना जारी रखा। संस्था की शिक्षिकाएं जरूरतमंद बच्चों की जिंदगी में नए रंग भरने के लिए सैनिक की तरह कार्य करती हैं। शिक्षक दिवस पर अध्यापिकाओं ने बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए एक-एक दिन का मानदेय डोनेट करने का फैसला लिया। कार्यक्रम की शुरुआत राजेंद्र पाहवा (प्रधान सनातन धर्म मंदिर), सुमन पाहवा, अर्चना सचदेवा और रेखा तिवारी ने दीप प्रज्वलन से की। ली फोर्ड हेल्थकेयर लिमिटेड के गूनेश शर्मा और हर सिमरनप्रीत सिंह ने सभी अध्यापिकाओं को उपहार दिए। करीब 30 अध्यापिकाओं ने रंगारंग प्रस्तुतियां दीं और शिक्षक दिवस को यादगार बनाया। मंच संचालन संस्था की कोऑर्डिनेटर मीनाक्षी शर्मा ने किया। संस्था के फाउंडर राजेंद्र शर्मा ने कहा कि यह उपलब्धि अध्यापिकाओं की मेहनत और समर्पण का नतीजा है। उन्होंने सभी शिक्षिकाओं को बधाई दी और आगे भी शिक्षा की ज्योति फैलाने का आह्वान किया।


