मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) द्वारा हाईकोर्ट के एक आदेश के बाद 1 अक्टूबर काे मेडिकल ऑफिसर भर्ती-2024 पर लगाई गई रोक अब हटा ली गई है। साथ ही नए अभ्यर्थियों के लिए एक बार फिर रजिस्ट्रेशन भी शुरू किए जा रहे हैं। काेर्ट के निर्देश पर किए गए जरूरी बदलावों के साथ एक बार फिर यह चयन प्रक्रिया शुरू की जा रही है। अभ्यर्थी 20 दिसंबर से रजिस्ट्रेशन करवा सकेंगे। इसके लिए उन्हें 1 माह का समय मिलेगा। 19 जनवरी अंतिम तारीख रहेगी।
दरअसल मेडिकल ऑफिसर के 895 पदों पर भर्ती की यह प्रक्रिया चल रही थी। लेकिन हाईकोर्ट के आदेश के बाद पीएससी ने 1 अक्टूबर काे यह प्रक्रिया रोक दी थी। मेडिकल ऑफिसर के इन पदों पर नियुक्ति के लिए 30 अगस्त से ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू की गई थी, जिसकी अंतिम तारीख 29 सितंबर थी। इसमें आयु गणना 1 जनवरी 2025 से की जा रही थी। परीक्षा में मुख्य भाग में 822 पद रहेंगे जबकि प्रावधिक भाग में 73 पद रहेंगे। इंटरव्यू से हाेता है चयन, 5 गुना अभ्यर्थियों काे बुलाते हैं… एमपीपीएससी से मेडिकल ऑफिसर के पद पर आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों के पास एम.बी.बी.एस (MBBS) की डिग्री होनी चाहिए या भारतीय आयुर्विज्ञान परिषद द्वारा मान्यता प्राप्त कोई समतुल्य अर्हता होनी चाहिए। इसके साथ ही अभ्यर्थियों का मध्यप्रदेश चिकित्सा परिषद में स्थायी पंजीकरण होना भी जरूरी है। प्रक्रिया में मेरिट आधार पर पदों की तुलना में पांच गुना अभ्यर्थियों काे इंटरव्यू के लिए बुलाया जाता है। फिर फाइनल चयन सूची जारी होती है।


