डीग जिला पुलिस ने साइबर ठगों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया हैं। कैथवाड़ा थाना पुलिस ने 5 साइबर ठगों को पकड़ा है। उनके कब्जे से 7 मोबाइल और 11 फर्जी सिम बरामद की गई हैं। वहीं गोपालगढ़ थाना पुलिस ने 3 साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है जिनके कब्जे से 6 मोबाइल जब्त किए गए हैं। कैथवाड़ा थाना अधिकारी मदन लाल मीणा ने बताया की मुखबिर की सूचना पर पुलिस का जाब्ता जंगल डाबक इलाके में खोहरे जाने वाले कच्चे रास्ते पर बनी एक झोपड़ी में पहुंचा। वहां पर 5 युवक बैठे हुए थे। जिन्हें घेराबंदी करके पकड़ा। जब युवकों की तलाशी ली तो उनके पास से 7 मोबाइल और 11 फर्जी सिम कार्ड मिले। जब मोबाइलों को चेक किया गया तो मोबाइलों में फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बनाये हुए थे। फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए आरोपियों से अंश रिसोर्ट को किराए पर देने, महंगे लैपटॉप सस्ते दामों पर देने, पेंसिल की कंपनी में नौकरी लगवाने के विज्ञापन डाले हुए थे। आरोपियों ने पूछताछ में बताया की वह इन्हीं विज्ञापन के जरिए ठगी करते हैं। ठगी के लिए वह चोरी के मोबाइलों का इस्तेमाल करते हैं और दूसरे लोगों के नाम की फर्जी सिमों से वारदातों को अंजाम देते हैं। जिसके बाद पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गोपालगढ़ थाना अधिकारी विजय कुमार ने बताया की मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी की नकटपुर ईंट भट्टा के पास पीपरोली जाने वाले डामर रोड़ के पास एक खेत में बने कमरे में तीन लोग बैठकर साइबर ठगी कर रहे हैं। जिसके बाद पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। मौके पर घेराबंदी कर पुलिस ने तीनों आरोपियों को पकड़ा और जब उनकी तलाशी ली तो, आरोपियों के पास से 6 मोबाइल मिले। आरोपियों ने पूछताछ में बताया की वह हर्षा साईं के नाम से सोशल मीडिया पर लोगों से मदद मांगते हैं और उनसे ठगी कर लेते हैं। इसके अलावा सेक्सटॉर्शन के जरिए लोगों को फंसाते हैं।


