नगर निगम ने शहर में बिना ग्रीन नेट के निर्माण कार्य और गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ गुरुवार को सख्त कार्रवाई की। कुल 195 मामलों में 1 लाख 78 हजार 600 रुपए का स्पॉट फाइन वसूला गया। इसमें 91 मामले निर्माण सामग्री और मलबा फेंकने और बिना ग्रीन नेट लगाए निर्माण कार्य करने वालों के खिलाफ बने। इनसे 1 लाख 79 हजार 600 रुपए स्पॉट फाइन वसूला गया। इसके अलावा 104 मामलों में शहर में गंदगी फैलाने, सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल करने वालों, खुले में मांस बेचना समेत तंदूर जलाने वालों पर कार्रवाई की गई। इनसे 38 हजार 400 रुपए स्पॉट फाइन के रूप में वसूला गया। इस दौरान जोन में कार्रवाई करते सड़क पर फैले एक-एक ट्रक रेत और गिट्टी भी जब्त की गई। निगम कमिश्नर हरेंद्र नारायण को गुरुवार सुबह निरीक्षण के दौरान गंदगी मिली थी। इसके बाद उन्होंने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। ये कोविड के बाद अब तक स्पॉट फाइन की सबसे बड़ी कार्रवाई है। मजदूर से सीवेज टैंक साफ कराने पर 10 हजार जुर्माना
वार्ड-66 में श्रीराम कॉलोनी की सोसाइटी के खिलाफ सीवेज टैंक की गंदगी बाहर फेंकने के मामले में 10 हजार रुपए जुर्माना लगाया गया । रहवासियों ने बताया कि कॉलोनी में सीवेज टैंक की सफाई करवाई जा रही है। सूचना मिलने पर पहुंचे एएचओ ने पाया कि मजदूरों द्वारा टैंक के अंदर घुसकर सफाई की जा रही थी। 3 वार्ड के दरोगा का 1-1 हफ्ते का वेतन कटेगा
गुरुवार सुबह कमिश्नर को वार्ड-45, 49 और 50 में जगह-जगह गंदगी, सीएंडडी वेस्ट और भवन निर्माण सामग्री फैली मिली । उन्होंने वार्ड-45 के दरोगा विक्रम मेहरोलिया, वार्ड-49 के दरोगा नितेश चनाल और वार्ड-50 के दरोगा रंजीत करोसिया की एक-एक हफ्ते की सैलरी काटने के निर्देश दिए। अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई भरत नगर में दुकानें हटाईं, बिट्टन मार्केट में सामान जब्त नगर निगम लगातार शहर के ट्रैफिक में बाधा बनने वाले अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को शहर के अलग-अलग इलाकों से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। भरत नगर में ऑनडोर के सामने सड़क किनारे अतिक्रमण कर बनाई जा रही नई दुकानों को हटाया गया। यहां नई दुकानें बनाई जा रही थी। इसके अलावा बिट्टन मार्केट में फुटपाथ पर लगने वाली सब्जी की दुकानों को हटाया गया। यहां से नगर निगम के अतिक्रमण अमले ने भारी संख्या में क्रेट, जालियां और अस्थायी बनाए गए तंबू को हटाया। इस दौरान कुल एक ट्रक सामान जब्त किया गया। इधर, रायसेन रोड पर आईटीआई से लेकर आनंद नगर के बीच में सड़क पर लगे 30 ठेलों को हटाया गया। इन ठेले वालों को समझाइश दी गई कि दोबारा सड़क पर ठेला नहीं लगाएं। ऐसा करने पर उनके ठेले जब्त कर लिए जाएंगे।


