मऊगंज जिले के 31 खरीदी केन्द्र में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी चल रही है। शनिवार और रविवार अवकाश के कारण धान खरीदी नहीं होती है। इन दिनों में खरीदी गई धान के परिवहन और भंडारण की व्यवस्था की जाती है। खरीदी केन्द्रों में भारी मात्रा में धान होने से शासन ने 30 दिसम्बर, 31 दिसम्बर और एक जनवरी को किसानों से खरीदी केन्द्रों में धान की खरीद न करने के निर्देश दिए हैं। मऊगंज खाद्य नागरिक आपूर्ति प्रभारी अधिकारी अनिल गुप्ता ने बताया कि इन अवकाश के दिनों में धान के सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था की जाएगी। जिले के खरीदी केन्द्रों में अब 2 जनवरी से किसानों से धान ली जाएगी। शासन के निर्देशों के अनुसार धान खरीदी में तीन दिवस का अंतर रखा गया है। किसानों को एसएमएस में माध्यम से इसकी सूचना दी जा रही है। बारिश से हुए नुकसान का आकलन करेंगे एसडीएम वहीं कलेक्टर ने निर्देशित किया है कि 24 घंटे की वर्षा से यदि किसी खरीदी केन्द्र में धान को हानि हुई है तो एसडीएम आकलन कराकर रिपोर्ट दें। नागरिक आपूर्ति निगम के जिला प्रबंधक अतिरिक्त वाहन तैनात कर खरीदी केन्द्रों से उपार्जित धान का तत्काल परिवहन कराएं। सभी समिति प्रबंधक खरीदी केन्द्रों में धान को सुरक्षित रखने के उचित प्रबंध करें।


