नरसिंहपुर जिले के मुंगवानी थाना क्षेत्र में रविवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक व्यक्ति की मौत हो गई और चार महिलाएं घायल हैं। पहली घटना मुंगवानी और खेड़ा के बीच हुई। यहां तेज रफ्तार बाइक ने पैदल जा रही चार महिलाओं को टक्कर मार दी। हादसे में उमा पति जगदीश यादव (42), राजकुमारी पति मुन्नीलाल यादव (38), नर्मदी पति परसराम यादव (44) और लल्लो पति नन्हेलाल यादव (40) घायल हो गईं। ये महिलाएं ठाडिया गांव की हैं। घटना के वक्त सभी अपने घर लौट रही थीं। बाइक सवार घटना के बाद फरार हो गया। घायलों को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। कंटेनर ने बाइक को टक्कर मारी दूसरी घटना नरसिंहपुर-लखनादौन हाईवे नंबर 44 पर डुडवारा गांव के पास की है। यहां कंटेनर और बाइक की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। मृतक की पहचान सिवनी पटी गांव निवासी मुन्नालाल गौड़ (45) के रूप में हुई। वह अपने बहनोई के साथ बाइक से जा रहा था। हादसे के बाद मुंगवानी पुलिस ने कंटेनर जब्त कर लिया है। थाना प्रभारी अनिल तिवारी ने बताया कि दोनों मामलों में बाइक और कंटेनर चालकों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। घायल महिलाओं का इलाज जारी है, जबकि शव का कल पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा।


