मुख्य सचिव अलका तिवारी ने राज्य में कानून व्यवस्था बनाए रखने को लेकर मंगलवार को एक उच्चस्तरीय बैठक में राज्य के सभी जिलों की जरूरतों का आकलन करने का निर्देश दिया। डीजीपी अनुराग गुप्ता से कहा कि इससे हमारे पास जिलों के अपराध ग्राफ, उसके ट्रेंड के साथ-साथ वर्तमान संसाधन और आगे क्या करने की आवश्यकता है, इसका समुचित डाटा मिलेगा। वहीं अपराधों की रोकथाम के लिए बेहतर ढंग से संसाधनों का बंटवारा भी सुनिश्चित हो सकेगा। इसके साथ ही गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग के प्रस्ताव पर जमशेदपुर के मानगो को नया पुलिस अनुमंडल बनाने के लिए मुख्य सचिव की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समिति ने स्वीकृति भी दी। वर्तमान में पूर्वी सिंहभूम मुख्यालय जमशेदपुर और पटमदा में पुलिस अनुमंडल है। डीजीपी अनुराग गुप्ता ने बताया कि मानगो पुलिस अनुमंडल में पुलिस अनुमंडल जमशेदपुर (मुख्यालय) और पटमदा से जुड़े उत्क्रमित थाना, मानगो एवं आजादनगर तथा ओलीडीह ओपी को काटकर मानगो पुलिस अनुमंडल अस्तित्व में आएगा। बैठक में गृह विभाग की प्रधान सचिव वंदना दादेल ने बताया कि मानगो में आर्थिक अपराध, नारकोटिक्स से जुड़े मामले तथा अन्य प्रकृति के क्राइम पर नकेल कसने के लिए उसे पुलिस अनुमंडल बनाने की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही थी।


