आस्था के पथ पथरीले… पंडाल पहुंचने के कई रास्ते जर्जर, चोटिल होंगे पांव

दुर्गा पूजा शुरू होने में अब महज 12 दिन शेष रह गए हैं। 22 सितंबर से नवरात्रि शुरू हो जाएगी। इधर, राजधानी रांची भी आहिस्ता-आहिस्ता दुर्गा पूजा के रंग में रंगती जा रही है। सभी पूजा पंडाल समितियां श्रद्धालुओं के स्वागत की तैयारी में जुटी हुई हैं। हालांकि इन पंडालों तक पहुंचने वाली राह काफी दुर्गम है। ऐसे में भक्तों को कांटों भरी राह पर चलकर मां का आशीर्वाद लेना पड़ सकता है। दैनिक भास्कर ने शहर के पूजा पंडालों तक पहुंचने वाले रास्ते और पंडाल के आसपास उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। इसमें सबसे बड़ी समस्या पंडाल से जुड़े संपर्क मार्गों को लेकर दिखी जो काफी जर्जर अवस्था में हैं। अपर बाजार और इससे जुड़ मार्गों की हालत तो दयनीय है। हरमू शनि मंदिर से बकरी बाजार तक पहुंचने वाला रास्ता गड्ढों से भरा है। महासप्तमी से लेकर महादशमी तक इन मार्गों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। ऐसे में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। इन मार्गों पर दूसरी बड़ी समस्या स्ट्रीट लाइटों की है। आमतौर पर इन मार्गों में अंधेरा कायम रहता है। संकीर्ण रास्ते और अंधकार होने की वजह से पूरा मार्ग चोक कर जाता है। पंडाल परिसर के आसपास तक पहुंचने के लिए लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ता है। पार्किंग के साथ ट्रैफिक व्यवस्था भी बड़ी समस्या है, जो पूजा के दौरान पूरी तरह अव्यवस्थित हो जाती है। पेयजल और शौचालय की भी कमी है। प्रशासक ने गड्ढों में स्टोन डस्ट भरने व नालियों पर स्लैब लगाने को कहा निगम प्रशासक सुशांत गौरव ने सोमवार को पदाधिकारियों के साथ बैठक करके पूजा पंडालों तक जाने वाली सड़कों की जानकारी ली। उन्होंने इंजीनियरिंग टीम को साफ कहा कि शनिवार तक हर हाल में सभी पंडालों को जोड़ने वाली सड़कों का सर्वे करें। जहां भी गड्ढे हैं, उसमें स्टोन डस्ट डालें। जहां सड़क समतल करने की जरुरत हो उसे समतल करें। नालियों के ऊपर स्लैब डालें, ताकि किसी तरह की अनहोनी न हो। उन्होंने स्वच्छता शाखा की टीम को कहा कि पंडालों के पास सफाई के लिए विशेष टीम बनाएं। तीन पालियों में सफाई करने के लिए रूट प्लान तैयार करें, ताकि कहीं भी कचरा न दिखे। 20 तक हो जाएगी सभी सड़कों की मरम्मत गीतांजली, मोरहाबादी : कीचड़ से भरे रास्ते मोरहाबादी चिरौंदी रोड में भी भव्य पूजा का आयोजन होता है। इस पूजा पंडाल में भी भक्तजनों की भारी भीड़ उमड़ती है। मगर मोरहाबादी से चिरौंदी तक की पूरी सड़क खराब है। शक्ति श्रोत संघ, गाड़ीखाना : गड्ढे में रास्ता गाड़ीखाना पूजा पंडाल जाने वाली मुख्य सड़क का हाल बहुत खराब है। सड़क पर गड्ढे ही गड्ढे हैं। गाड़ीखाना चौक से अपर बाजार की ओर जानेवाली सड़क न केवल जर्जर है, बल्कि दयनीय अवस्था में है। तस्वीर से समझें… बकरी बाजार पंडाल तक पहुंचने का दर्द भारतीय नवयुवक संघ, बकरी बाजार का पूजा पंडाल शहर के प्रमुख पंडालों में एक है। जहां पर पंचमी से ही लोगों की भीड़ उमड़नी शुरू हो जाती है। मगर पंडाल तक पहुंचने वाले मुख्य सड़क का हाल बेहाल है। सड़क न केवल जर्जर है, बल्कि गड्ढों से भरा है। आसपास की नालियां खुली हुई हैं। गंदगी से बजबजा रही हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं को पूजा घूमने और मां के दर्शन में करने में बहुत दिक्कतें आएंगी। राजस्थान मित्र मंडल, सेवा सदन पथ : अपर बाजार, बड़ा तालाब, अग्रसेन पथ से होकर लोग इस पूजा पंडाल तक पहुंचते हैं। मगर इस पंडाल तक पहुंचने वाली सभी सड़कें जर्जर हैं। सड़कों पर गड्ढे ही गड्ढे हैं। ओसीसी क्लब, बांग्ला स्कूल : इस पंडाल तक पहुंचने वाले सभी रास्ते जर्जर हैं। पंडाल के ठीक कोने में नाली बेतरतीब तरीके से खुला एवं जर्जर है। इस पूजा पंडाल तक पहुंचने में लोगों को काफी दिक्कतें हों सकती हैं। श्री रामलला पूजा समिति, जिला स्कूल परिसर : शहीद चौक से जिला स्कूल की ओर आने वाली सड़क खस्ताहाल है। सड़क कई जगह जर्जर हो चुकी है। लोगों को यहां भारी परेशानी हो सकती है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *