गिरिडीह में कोयला ले जाने से रोका; कर दी मारपीट:100 से ज्यादा कोयला चोरों ने तीन गार्ड को घायल किया, एक को घसीटते ले कर गए

सीसीएल (सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड) के सीपी साइडिंग क्षेत्र में सोमवार की देर रात कोयला चोरी को लेकर बड़ा बवाल खड़ा हो गया। जानकारी के अनुसार, कोयला चोरों और सुरक्षा कर्मियों के बीच तीखा संघर्ष हुआ। घटना में तीन सुरक्षा कर्मी घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। रात करीब 11 बजे जब गश्ती दल सूचना पाकर मौके पर पहुंचा तो वहां 100 से अधिक कोयला चोर सक्रिय मिले। सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ ने अचानक हमला कर दिया। हमलावरों ने सुरक्षा कर्मी श्याम सुंदर को झाड़ियों की ओर खींचकर बुरी तरह पीटा। हालांकि, उनके साथी सुरक्षाकर्मियों की तत्परता से उनकी जान बच सकी। हमले में घायल सभी कर्मियों को तत्काल सीसीएल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बढ़ती कोयला चोरी बनी चुनौती गिरिडीह में कोयला चोरी लंबे समय से एक गंभीर समस्या बनी हुई है। आए दिन चोर दर्जनों की संख्या में माइंस और रेलवे लोडिंग प्वाइंट पर धावा बोलते हैं। पुलिस और प्रशासन द्वारा की जाने वाली छापेमारी का कोई बड़ा असर नहीं दिख रहा है। सुरक्षा कर्मियों का कहना है कि चोरी की घटनाओं में कमी नहीं आ रही, बल्कि चोर अब और भी आक्रामक हो गए हैं। प्रबंधन और कर्मचारियों में आक्रोश सोमवार रात की घटना के बाद सीसीएल प्रबंधन और कर्मचारियों में आक्रोश फैल गया है। कर्मचारियों का कहना है कि लगातार हो रही कोयला चोरी और सुरक्षा कर्मियों पर हमले से उनका मनोबल टूट रहा है। वे मांग कर रहे हैं कि प्रशासन और पुलिस मिलकर कोयला चोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें। हमले के बाद इलाके में तनाव की स्थिति है। सुरक्षाकर्मियों की तैनाती बढ़ा दी गई है, वहीं सीसीएल प्रबंधन ने जिला प्रशासन से विशेष सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है। कर्मचारियों का कहना है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे काम बंद करने पर विचार कर सकते हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *