खाटूश्यामजी में नववर्ष पर बाबा श्याम के दर्शन करने के लिए लाखों श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। श्रद्धालु बाबा के दर्शन कर नया साल मनाएंगे। नववर्ष पर होने वाली अपार भीड़ की संभावनाओं के मद्देनजर सीकर जिला कलेक्टर मुकुल शर्मा व एसपी भुवन भूषण यादव ने रविवार को खाटूश्यामजी पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। 1 हजार पुलिसकर्मी तैनात होंगे एसपी यादव ने बताया- 31 दिसंबर व 1 जनवरी को खाटूधाम में लाखों श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन मुस्तैद है और 4 आरएसी बटालियन सहित एक हजार सुरक्षाकर्मियों का जाब्ता तैनात किया गया है। नव वर्ष पर प्रशासन ने फाल्गुन मेले की तर्ज पर व्यवस्थाएं करते हुए इस बार एक नए दर्शन मार्ग का प्रयोग किया जाएगा। जिससे रींगस रोड़ से डाइवर्जन की तरफ मंदिर जाने वाली भीड़ का दबाव कम होगा। एसपी ने बताया कि पहले लोग रींगस रोड़ से ही आते थे, लेकिन अब भीड़ चारों दिशाओं से आती है। ऐसे में दांता रोड़ से होते हुए भीड़ लखदातार मैदान पहुंचाने का एक प्रयोग इस बार प्रशासन कर रहा है। व्यवस्थाओं का जायजा लेने के पश्चात डीएम शर्मा व एसपी यादव ने बाबा श्याम के दर्शन भी किए। इस दौरान उपखंड अधिकारी मोनिका सामौर, तहसीलदार महिपाल राजावत, श्रीश्याम मंदिर कमेटी के अध्यक्ष पृथ्वी सिंह चौहान, पूर्व अध्यक्ष प्रताप सिंह चौहान भी मौजूद रहे। 2 जनवरी तक VIP दर्शन नहीं होंगे श्रीश्याम मंदिर कमेटी ने जानकारी दी है कि 30 दिसंबर से 2 जनवरी 2025 दोपहर तक बाबा श्याम के केवल नियमित दर्शन ही होंगे। VIP दर्शन करने की अलग से कोई व्यवस्था नहीं रहेगी। केवल वास्तविक VIP, VVIP जिनका प्रोटोकॉल निहित और सूचीबद्ध है, को ही पुलिस एवं प्रशासन द्वारा प्रोटोकॉल के तहत दर्शन करवाए जाएंगे।


