गिरिडीह के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र स्थित उदनाबाद में शिवम आयरन एंड स्टील प्लांट में एक मजदूर की मौत हो गई। 25 साल का मुकेश वर्मा उर्फ लालू ओपनकास्ट यूनिट में काम कर रहा था। मशीनरी के पास हुए हादसे में उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद फैक्ट्री में काम कर रहे अन्य मजदूरों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन वे उन्हें बचा नहीं पाए। परिजनों और ग्रामीणों ने किया हंगामा घटना के बाद मृतक के परिजनों और गांववासियों ने फैक्ट्री गेट पर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि फैक्ट्री में मजदूरों की सुरक्षा की कोई ठोस व्यवस्था नहीं है। प्रबंधन सुरक्षा मानकों तथा श्रम कानूनों की पूरी तरह से अनदेखी कर रहा है। उनके अनुसार, यह फैक्ट्री में पहली बार नहीं है जब मजदूरों की जान खतरे में पड़ी हो। इससे पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन फैक्ट्री प्रबंधन ने कभी इस पर ध्यान नहीं दिया। पुलिस और फैक्ट्री प्रबंधन के बीच हुई बातचीत घटना की सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के परिजनों तथा फैक्ट्री प्रबंधन के बीच बातचीत शुरू की। पुलिस दोनों पक्षों के बीच मुआवजे पर सहमति बनाने का प्रयास की। इस मामले में अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है, लेकिन फैक्ट्री प्रबंधन ने मृतक के परिवार को 50,000 रुपए दाह संस्कार के लिए और 25 लाख रुपए मुआवजे के रूप में देने का वादा किया है।
मुआवजा नहीं मिला तो ग्रामीण करेंगे आंदोलन मुकेश वर्मा की असामयिक मौत से पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया है। उनके परिवार में कोहराम मचा हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि फैक्ट्री प्रबंधन ने उचित मुआवजा और न्याय नहीं दिया, तो वे आंदोलन तेज करेंगे। इसके अलावा, ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि फैक्ट्री प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।


