ऑनलाइन शिक्षा के लिए सेमेस्टर परीक्षा हेतु आवेदन वेबसाइट exam.ignou.ac.in के जरिए जमा करें

भास्कर न्यूज | जालंधर इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) की ओर से दिसंबर 2025 के लिए आयोजित की जाने वाले टर्म एंड परीक्षा की तारीखों के लिए घोषणा कर दी है। ऑनलाइन दूरस्थ शिक्षा और ऑनलाइन कार्यक्रमों के लिए सेमेस्टर परीक्षा हेतु आवेदन आधिकारिक वेबसाइट exam.ignou.ac.in. के जरिए जमा किए जा सकते है। दिसंबर सत्र की टर्म-एंड परीक्षाएं 1 दिसंबर से आयोजित की जाएंगी। परीक्षा पेन और पेपर के साथ-साथ कंप्यूटर-आधारित परीक्षा (सीबीटी) मोड में आयोजित की जाएगी। इसके लिए जारी नोटिस में कहा गया है कि टर्म-एंड-परीक्षा के लिए पात्र छात्रों द्वारा परीक्षा फॉर्म (टीईई, प्रोजेक्ट सबमिशन और प्रैक्टिकल परीक्षा) जमा करने के लिए ऑनलाइन 6 अक्तूबर तक बिना लेट फीस के अप्लाई कर सकते है। वहीं लेट फीस के साथ आवेदन जमा करने की आखिरी तारीख 20 अक्टूबर रखी गई है। उम्मीदवारों को 1,100 रुपये लेट फीस देनी होगी वहीं परीक्षा फॉर्म भरते समय छात्रों को परीक्षा का तरीका, पाठ्यक्रम और परीक्षा केंद्र चुनना होगा। बीएल-आईएस कार्यक्रम सहित प्रायोगिक या प्रयोगशाला पाठ्यक्रमों में शामिल होने के लिए रजिस्ट्रर करने वाले छात्रों को परीक्षा स्थल और कार्यक्रम के लिए अपने क्षेत्रीय केंद्र से संपर्क करना होगा। वहीं समर्थ पोर्टल के माध्यम से परीक्षा फॉर्म भरने के मद्देनजर, परीक्षा केंद्र में बदलाव के किसी भी अनुरोध पर विचार नहीं किया जाएगा। एक बार चुने गए पाठ्यक्रमों को परीक्षा फॉर्म जमा करने के बाद नहीं बदला जाएगा। विषयों को 5 समूहों में वितरित किया गया है और छात्र समूहों में से तीन विषयों को चुन सकते हैं। प्रति समूह केवल एक अनुशासन की अनुमति होगी जैसे यदि किसी छात्र ने समूह-1 से अंग्रेजी चुनी है, तो वह इस समूह से कोई अन्य विषय नहीं चुन सकेगा। वह अन्य समूहों से उसी प्रकार दूसरा और तीसरा अनुशासन ले सकता है। वहीं इसके लिए पहले से जारी एग्जामिनेशन शेड्यूल के अनुसार परीक्षाएं एक दिसंबर से शुरू होकर आठ जनवरी 2026 तक चलेंगी। परीक्षा दो सेशन में आयोजित की जाएगी। सुबह का सत्र सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक और शाम का सत्र दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक आयोजित की जाएगी। पाठ्यक्रमों के प्रश्नपत्र वस्तुपरक किस्म के प्रश्न (एमसीक्यू) ओएमआर आधारित होंगे। इसके साथ ही कहा गया है कि इग्नू की ओर से परीक्षा के लिए उम्मीदवारों के एडमिट कार्ड एग्जाम तिथि से कुछ दिन पहले डाउनलोड के लिए उपलब्ध करवा दिए जाएंगे। प्रवेश पत्र उपलब्ध होने के बाद अभ्यर्थी यूजर नेम एवं पासवर्ड दर्ज करके ऑफिशियल वेबसाइट से एडमिट कार्ड प्राप्त कर पाएंगे। ध्यान रखें कि किसी भी अभ्यर्थी को पर्सनल रूप से एडमिट कार्ड नहीं भेजे जाएंगे। वहीं जिन छात्रों ने इग्नू के छात्र पोर्टल पर पहले ही रजिस्ट्रेशन करा लिया है, उन्हें परीक्षा फॉर्म जमा करने के लिए बस लॉगइन करना होगा। वहीं, जिन छात्रों ने अभी तक विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन नहीं कराया है, उन्हें पहले नया रजिस्ट्रेशन पर क्लिक करके पोर्टल पर पंजीकरण करना होगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *